तीसरी बार Maharashtra के मुख्यमंत्री बने देवेंद्र फडणवीस,शिंदे और पवार बने डिप्टी सीएम

Desk : भारतीय जनता पार्टी विधायक दल के नेता देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार यानी 5 दिसंबर, 2024 की शाम को महाराष्ट्र के 21वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। यह शपथ समारोह मुंबई के आज़ाद मैदान में आयोजित हुआ था, जिसमें हज़ारों लोग मौजूद थे। बता दें, इस दौरान शिवसेना से अलग हुए गुट के नेता निवर्तमान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष अजित पवार के साथ उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया।

23 नवंबर 2024 को विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के लगभग दो सप्ताह बाद आज़ाद मैदान में आयोजित इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के अलावा भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति के हज़ारों समर्थक शामिल हुए। वहीं, इस शपथ समारोह में उद्योगपति मुकेश अंबानी, कुमारमंगलम बिड़ला और बॉलीवुड के दिग्गज सितारे शाहरुख खान, सलमान खान, रणबीर कपूर, माधुरी दीक्षित-नेने, संजय दत्त और क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने भी अपनी उपस्थिती दर्ज कराइ।

तीसरी बार मुख्यमंत्री कार्यालय में बैठेंगे फडणवीस

दरअसल, यह तीसरी बार है जब नागपुर दक्षिण-पश्चिम से विधायक 54 वर्षीय फडणवीस मंत्रालय (राज्य प्रशासनिक मुख्यालय) की छठी मंजिल पर प्रतिष्ठित मुख्यमंत्री कार्यालय में बैठेंगे। उनका पिछला कार्यकाल 2014 से 2019 तक था और नवंबर 2019 में कुछ समय के लिए, जब उनकी सरकार बहुमत के अभाव में केवल 72 घंटे ही चल पाई थी।

शीतकालीन सत्र से पहले शपथ लेंगे बचे हुए सदस्य

मिली जानकारी के अनुसार मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले शपथ लेंगे। गौरतलब हो कि, 23 नवंबर 2024 को विधानसभा चुनाव के नतीजों में महायुति गठबंधन ने 288 सदस्यीय सदन में से 230 सीटों पर जीत दर्ज करवाई थी।

Related Articles

Back to top button