
डेस्क : लखनऊ में डीजीपी राजीव कृष्ण ने अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। डीजीपी ने बताया कि हत्याकांड में शामिल शूटरों की पहचान कर ली गई है। वारदात को अंजाम देने के लिए 4 शूटरों ने फायरिंग की थी और हत्या से पहले रेकी भी की गई थी।डीजीपी के मुताबिक पुलिस ने मुठभेड़ में 2 शूटरों को ढेर कर दिया है। मारे गए दोनों शूटर गोगी गैंग से जुड़े बताए गए हैं। बदमाशों के पास से हथियार और फोन भी बरामद हुए हैं। डीजीपी ने बताया कि 29 अगस्त को ही शूटरों की पहचान हो गई थी।
डीजीपी ने कहा कि भोलू शाहपुरिया ने हत्या की जिम्मेदारी ली थी। हत्या के बाद शूटर लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। उन्होंने कहा कि अंकित बालियान की हत्या सोची-समझी साजिश के तहत की गई थी। हत्याकांड में शामिल 2 शूटर अभी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई अभी खत्म नहीं हुई है। शूटरों की तलाश के लिए हरियाणा और दिल्ली पुलिस की भी मदद ली जा रही है। उन्होंने बताया कि हत्या के लिए बाहर से शूटर भेजे गए थे। डीजीपी ने साफ कहा कि कोई भी गैंग यूपी में बचने नहीं पाएगा। इस कार्रवाई के लिए शामली पुलिस और STF को 2 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है।









