धुरंधर 2 का ऐतिहासिक धमाका: बाहुबली 2 का रिकॉर्ड ध्वस्त कर बनी 1000 करोड़ क्लब वाली पहली हिंदी फिल्म, अब ‘पुष्पा 2’ पर नजर

रणवीर सिंह और आदित्य धर की जोड़ी ने बॉक्स ऑफिस पर वो करिश्मा कर दिखाया है, जिसकी कल्पना शायद ही किसी ने की थी। जासूसी थ्रिलर फिल्म धुरंधर 2 ने अपनी रिलीज के 29वें दिन एक ऐसा मील का पत्थर हासिल कर लिया है, जिसने भारतीय सिनेमा के इतिहास को बदल दिया है। यह फिल्म भारत में 1000 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन करने वाली पहली मूल हिंदी फिल्म बन गई है।

कमाई की रफ्तार और बड़े रिकॉर्ड्स

सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने 5वें गुरुवार को 2.91 करोड़ का कारोबार किया। हालांकि यह एक दिन की सबसे कम कमाई है, लेकिन इसके बावजूद फिल्म ने कुल 1102.63 करोड़ का इंडिया नेट कलेक्शन कर लिया है। वैश्विक स्तर पर फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 1319.89 करोड़ तक जा पहुंचा है। इस तूफानी कमाई के साथ रणवीर सिंह ने एसएस राजामौली की ‘बाहुबली 2’ (1030.42 करोड़) के लाइफटाइम रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।

इन दिग्गजों को चटा दी धूल

धुरंधर 2 ने न केवल बाहुबली 2 बल्कि आरआरआर (782.20 करोड़), केजीएफ: चैप्टर 2 (859.70 करोड़) और कल्कि 2898 एडी (646 करोड़) जैसी बड़ी फिल्मों को भी काफी पीछे छोड़ दिया है। बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्में जैसे जवान, पठान, स्त्री 2 और एनिमल तो इस जासूसी थ्रिलर के सामने काफी पहले ही नतमस्तक हो चुकी हैं। अब फिल्म का अगला निशाना अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2: द राइज (1234.10 करोड़) का रिकॉर्ड तोड़ना है।

क्यों पसंद आ रही है फिल्म?

आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह फिल्म 19 मार्च को रिलीज हुई थी। फिल्म की कहानी हमजा अली मजारी की कड़ी ट्रेनिंग और उसके अतीत के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण रणवीर सिंह और अर्जुन रामपाल के बीच का जबरदस्त एक्शन मुकाबला है। फिल्म में आर. माधवन, संजय दत्त और सारा अर्जुन की दमदार भूमिकाओं ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा है।

रणवीर सिंह के करियर की सबसे बड़ी फिल्म

धुरंधर 2 रणवीर सिंह के करियर की अब तक की सबसे सफल फिल्म साबित हुई है। इस फिल्म ने न केवल उन्हें बॉक्स ऑफिस का निर्विवाद सुल्तान बना दिया है, बल्कि एक निर्देशक के तौर पर आदित्य धर की साख को भी नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है। पहले हफ्ते में 674.17 करोड़ की छप्परफाड़ कमाई करने वाली यह फिल्म अब भी सिनेमाघरों में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही है।

Related Articles

Back to top button