
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी दिनेश कार्तिक और इंटरनेशनल स्क्वैश स्टार दीपिका पल्लीकल के घर खुशियों ने दस्तक दी है। कपल ने अपनी बेटी ‘राहा पल्लिकल कार्तिक’ के जन्म की खुशखबरी सोशल मीडिया के जरिए साझा की है।
दिनेश कार्तिक ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि वे बेहद खुशी और आभार के साथ अपनी बेटी का स्वागत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके दोनों बेटे कबीर और जियान भी अपनी छोटी बहन राहा के आने से काफी उत्साहित हैं।
साल 2015 में शादी के बंधन में बंधे इस कपल के पहले से दो बेटे हैं। अब बेटी के जन्म के साथ उनका परिवार पूरा हो गया है। खेल जगत से जुड़े इस जोड़े को फैंस और साथी खिलाड़ी लगातार बधाइयां दे रहे हैं।
अगर दिनेश कार्तिक के क्रिकेट करियर की बात करें, तो उन्होंने 2004 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था और 2018 में अपना आखिरी टेस्ट मैच खेला। उन्होंने 26 टेस्ट मैचों में 1025 रन बनाए, जिसमें एक शतक और सात अर्धशतक शामिल हैं।
वनडे क्रिकेट में कार्तिक ने 94 मैचों में 1752 रन बनाए, जबकि टी20 इंटरनेशनल में 60 मैच खेलते हुए 686 रन अपने नाम किए। लंबे समय तक भारतीय टीम और आईपीएल में अहम भूमिका निभाने वाले कार्तिक को एक भरोसेमंद विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में जाना जाता है।
वहीं दीपिका पल्लिकल भी स्क्वैश की दुनिया में भारत का बड़ा नाम हैं और उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई उपलब्धियां हासिल की हैं।









