आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं की दिवाली होगी ज्यादा जगमग… योगी सरकार ने मानदेय-सुविधाएं बढ़ाकर दिया उपहार…

यूपी की योगी सरकार ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का मानदेय बढ़ाया। अब कार्यकर्ताओं को 12 हजार और सहायिकाओं को 6 हजार रुपये मिलेंगे। परिवार को 5 लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा भी मिलेगी।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने दिवाली से पहले प्रदेश की लाखों आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बड़ी सौगात दी है। सरकार ने उनके मानदेय में बढ़ोतरी के साथ स्वास्थ्य सुरक्षा और अन्य सुविधाओं का भी विस्तार किया है। इस फैसले से प्रदेश की 1.75 लाख से अधिक आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और 1.70 लाख से ज्यादा सहायिकाओं को आर्थिक राहत मिलेगी। अब कार्यकर्ताओं को 8 हजार की जगह 12 हजार रुपये और सहायिकाओं को 4 हजार की जगह 6 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 4 हजार की बढ़ोतरी

योगी सरकार के फैसले के बाद आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को हर महीने 4 हजार रुपये और सहायिकाओं को 2 हजार रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और परिवार की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा में अहम भूमिका निभाने वाली इन महिलाओं के लिए इसे दिवाली का बड़ा तोहफा माना जा रहा है।

परिवार को 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा

सरकार ने करीब 3.35 लाख आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के परिवारों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए भी अहम कदम उठाया है। अब उन्हें परिवार के साथ हर साल 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। इसका लाभ सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में लिया जा सकेगा।

इसके अलावा आंगनवाड़ी कर्मियों को अब दो की जगह तीन साड़ियां दी जाएंगी। इसके लिए 500 रुपये अतिरिक्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इस योजना पर सरकार करीब 20 करोड़ रुपये खर्च कर रही है।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन की सुविधा

आंगनवाड़ी केंद्रों को आधुनिक बनाने के लिए सरकार तकनीकी सुविधाओं का भी विस्तार कर रही है। पहले चरण में 1,23,398 स्मार्टफोन उपलब्ध कराए गए थे। इसके बाद रिप्लेसमेंट पॉलिसी के तहत 69,803 अतिरिक्त स्मार्टफोन दिए गए।

इन स्मार्टफोन की मदद से बच्चों के पोषण और सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारियां रियल टाइम में दर्ज करना आसान हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र को अपना भवन उपलब्ध कराने का लक्ष्य भी रखा है।

2017 के मुकाबले चार गुना हुआ मानदेय

योगी सरकार ने वर्ष 2017 में सत्ता संभालने के बाद से आंगनवाड़ी कर्मियों के मानदेय में बढ़ोतरी की है। वर्ष 2017 में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को 3 हजार रुपये और सहायिकाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह मिलते थे। अब यह राशि बढ़कर क्रमशः 12 हजार और 6 हजार रुपये हो गई है। इस तरह दोनों श्रेणियों के मानदेय में शुरुआती राशि के मुकाबले चार गुना बढ़ोतरी हुई है।

मुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ी कर्मियों के योगदान को सराहा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की भूमिका को बच्चों के भविष्य की नींव बताया है। कोरोना काल के दौरान भी इन महिलाओं ने गांव-गांव पहुंचकर स्क्रीनिंग और संक्रमित लोगों की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।

महिला एवं बाल विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव लीना जौहरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार 1,75,982 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और 1,70,656 सहायिकाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और सामाजिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने जताई खुशी

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सावित्री ने मानदेय बढ़ने पर खुशी जताते हुए कहा कि हर महीने 4 हजार रुपये अतिरिक्त मिलने से घर के खर्च और बच्चों की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

वहीं सीमा ने कहा कि मानदेय बढ़ने के साथ पूरे परिवार को 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलना भी बड़ी राहत है। बीमारी के समय होने वाली आर्थिक परेशानी को कम करने में यह फैसला मददगार साबित होगा।

सरकार के इन फैसलों से प्रदेश की लाखों आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को आर्थिक संबल के साथ सामाजिक सुरक्षा भी मिलेगी। इस बार दिवाली उनके लिए बढ़े हुए मानदेय और नई सुविधाओं के साथ खास होने वाली है।

Related Articles

Back to top button