
भारत और वेस्टइंडीज के बीच इंदौर में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम के नंबर-10 बल्लेबाज प्रिंस यादव ने अपनी छोटी लेकिन शानदार पारी से सबका ध्यान खींचा। 19 ओवर तक टीम इंडिया के 9 विकेट गिर चुके थे, लेकिन आखिरी ओवर में प्रिंस यादव ने तीन चौके लगाकर सभी को चौंका दिया। अब उन्होंने खुलासा किया है कि यह कमाल उन्होंने अभिषेक शर्मा के बैट से किया था।
अभिषेक शर्मा ने बैट देते समय कही थी खास बात
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से साझा किए गए वीडियो में प्रिंस यादव ने अपनी छोटी पारी से जुड़ा दिलचस्प किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि अभिषेक शर्मा ने उन्हें अपना बैट देते हुए कहा था कि बैट की बेइज्जती मत करवा देना।
प्रिंस यादव ने कहा, “वो अभि (अभिषेक) भैया ने बैट दिया था न मुझे। इन्होंने कहा कि बैट की बेइज्जती मत करवा दियो। मैंने उसकी इज्जत रख ली।”
इस दौरान अभिषेक शर्मा भी उनके साथ खड़े नजर आए। प्रिंस की यह बात सुनकर वीडियो में दोनों खिलाड़ियों के बीच की मजेदार बातचीत चर्चा में आ गई।
यॉर्कर पर स्कूप शॉट खेलकर जड़ा चौका
प्रिंस यादव ने आखिरी ओवर में सिर्फ चौके ही नहीं लगाए, बल्कि अपनी गेम अवेयरनेस से भी प्रभावित किया। एक मौके पर उन्होंने यॉर्कर गेंद पर स्कूप शॉट खेलने का प्रयास किया और गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचा दिया। उनकी इस बल्लेबाजी ने दिखाया कि दबाव की स्थिति में भी वह शॉट खेलने का साहस रखते हैं।
अभिषेक शर्मा ने भी खेली तूफानी पारी
इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने भी अपने बल्ले से धमाल मचाया। उन्होंने 30 गेंदों में 69 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। उनकी इस आक्रामक पारी के साथ उन्होंने साल 2026 में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में सूर्यकुमार यादव की बराबरी कर ली। उनके नाम इस साल अब तक 68 छक्के हो गए हैं।
दिल्ली में वन-ऑन-वन मैचों में चलता है प्रिंस का नाम
BCCI के वीडियो में अभिषेक शर्मा ने प्रिंस यादव की बल्लेबाजी की तारीफ भी की। उन्होंने कहा, “मैंने इसकी (प्रिंस यादव) की बैटिंग देखी है। अगर किसी ने नहीं देखी है, मैं बता दूं कि दिल्ली में नाम चलता है इसका वन-ऑन-वन मैचों में। इसमें खुद ही बैटिंग और बॉलिंग भी करनी पड़ती है। इसमें वो टैलेंट है चौके और छक्के मारने का। आज थोड़ा टैलेंट दिखा, आगे भी और दिखेगा।”
अभिषेक के इस बयान से साफ है कि उन्हें प्रिंस की बल्लेबाजी की क्षमता पर भरोसा है। आखिरी ओवर में लगाए गए तीन चौकों ने भी इस भरोसे की झलक दिखाई।
इंग्लैंड के खिलाफ भी अभिषेक के बैट से लगाया था छक्का
प्रिंस यादव ने बताया कि उनके अंतरराष्ट्रीय करियर में अब तक आया एकमात्र छक्का इंग्लैंड के खिलाफ टी20 मैच में लगा था। दिलचस्प बात यह है कि वह छक्का भी उन्होंने अभिषेक शर्मा के बैट से ही लगाया था।
प्रिंस ने यह भी कहा कि वह अगली बार भी अभिषेक का बैट लेकर उतरेंगे। अभिषेक शर्मा ने भी इसके लिए हामी भर दी। अब देखना दिलचस्प होगा कि अभिषेक के बैट से प्रिंस की बल्लेबाजी का यह सिलसिला आगे कितना रंग दिखाता है।









