
उत्तराखंड के रामनगर आसपास के इलाकों में शनिवार और रविवार को हुई लगातार 2 दिन की बारिश के बाद जहां एक और आम जनजीवन पूरी तरह ठहर गया है। एक बार फिर से ठंड ने अपना असर लोगों पर डालना शुरू कर दिया है। लगातार बारिश के बाद रामनगर नगर की पेयजल आपूर्ति भी सोमवार को पूरी तरह ठप हो गई।
बारिश के कारण उत्तराखंड जल संस्थान के पेयजल प्लांट को भी काफी नुकसान हुआ है। जिस कारण सोमवार को रामनगर शहर की पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस मामले में जानकारी देते हुए उत्तराखंड जल संस्थान के जेई गौरव आर्य ने बताया कि लगातार 2 दिन बारिश के बाद विभाग का बलदिया पड़ाव स्थित पेयजल ट्रीटमेंट प्लांट में काफी असर पड़ा है।
उन्होंने बताया कि जल संस्थान द्वारा नगर में पेयजल आपूर्ति के लिए प्लांट के समीप बहने वाली कोसी नदी में अस्थाई तौर पर एक मिट्टी का बांध बनाया गया था। जो बारिश के कारण नदी में बह गया जिस कारण वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का जलस्तर कम होने के कारण नगर में आज पेयजल आपूर्ति नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि जेसीबी मशीन के माध्यम से नदी में बहे इस अस्थाई बांध को फिर से बनाने की तैयारी की जा रही है इसके साथ ही। उन्होंने बताया कि विभाग की दूसरी पेयजल योजना बांगाझाला में भी पेयजल लाइन के अंदर मलवा आने से यह लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई है। उन्होंने बताया कि इस लाइन में भी कर्मचारी द्वारा मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि विभाग का प्रयास है कि आज शाम तक पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी ।








