Dumriyaganj Mazar Dispute : मजार पर प्रशासनिक कार्रवाई के खिलाफ डुमरियागंज में सपा का हंगामा, उत्पीड़न नहीं रुका तो होगा बड़ा आंदोलन

Siddharthnagar. डुमरियागंज तहसील क्षेत्र स्थित बदलिया फागूशाह बाबा मजार पर प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

सैकड़ों की संख्या में सपा कार्यकर्ता जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। प्रदर्शन की अगुवाई सपा विधायक सैयदा खातून, पूर्व विधायक विजय पासवान, सपा जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक लालजी यादव ने की।

प्रशासन ने मजार की जमीन को पशुचर की संरक्षित भूमि बताते हुए वहां से निर्माण को हटाया था। इस कार्रवाई को सपाइयों ने धार्मिक भावना से खिलवाड़ और मुस्लिम समाज के उत्पीड़न से जोड़ते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रशासनिक कार्रवाई की आड़ में एक खास समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उत्पीड़न नहीं रुका तो समाजवादी पार्टी बड़े आंदोलन की राह पकड़ेगी।

हालांकि प्रशासन ने अभी तक इस पूरे मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन स्थानीय स्तर पर स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।

सपा कार्यकर्ताओं ने जोर देते हुए कहा कि डुमरियागंज में अल्पसंख्यकों के धार्मिक स्थलों को टारगेट किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Back to top button