Trending

Maharashtra Politics: गिरगिट की तरह रंग बदला… एकनाथ शिंदे का उद्धव ठाकरे पर तीखा हमला

महाराष्ट्र में सियासी घमासान फिर तेज, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे पर तीखा हमला बोला। बोले – 2019 में फडणवीस को दिया धोखा, कांग्रेस-एनसीपी से मिला लिया हाथ।

Eknath Shinde Uddhav Thackeray: महाराष्ट्र की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर बड़ा हमला बोला है। शुक्रवार को विधान परिषद में बोलते हुए शिंदे ने 2019 के घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि ठाकरे ने उस वक्त के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को धोखा दिया और भाजपा से गठबंधन तोड़कर कांग्रेस-एनसीपी के साथ हाथ मिला लिया।

शिंदे ने कहा, “जब 2019 में भाजपा-शिवसेना को बहुमत मिला था, तब फडणवीस ने उद्धव ठाकरे को 40 से 50 बार फोन किया, लेकिन एक भी कॉल का जवाब नहीं मिला। इसके बाद उद्धव ने उन्हीं लोगों से हाथ मिला लिया जिन्हें वो पहले बार-बार कोसते थे। महाराष्ट्र ने कभी किसी नेता को इतनी तेजी से रंग बदलते नहीं देखा।”

शिंदे ने यह भी याद दिलाया कि 2017 में मुंबई के मेयर पद के लिए उन्होंने ही फडणवीस को मनाया था कि वह शिवसेना को पद सौंप दें, लेकिन 2019 में खुद उद्धव ने भरोसा तोड़ दिया।

उद्धव-फडणवीस मुलाकात पर उठे सवाल

हाल ही में उद्धव ठाकरे और देवेंद्र फडणवीस की मुलाकात ने भी राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। इसे लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि फडणवीस ने बाद में सफाई देते हुए कहा कि “उद्धव यहां आ सकते हैं” वाली उनकी टिप्पणी मज़ाक में कही गई थी।

2022 में बदले सियासी समीकरण

बता दें, एकनाथ शिंदे कभी उद्धव ठाकरे के करीबी रहे हैं। लेकिन 2022 में उन्होंने बगावत कर शिवसेना का एक बड़ा गुट अपने साथ मिला लिया और भाजपा के समर्थन से मुख्यमंत्री बने। इस घटनाक्रम ने महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा भूचाल ला दिया था।

अब शिंदे का ये तीखा हमला एक बार फिर यह संकेत देता है कि राज्य की राजनीति आने वाले समय में और भी ज्यादा उथल-पुथल भरी हो सकती है।

Related Articles

Back to top button