“बाहरी वर्सेस स्थानीय मुकाबला…”, बसपा प्रत्याशी ने हेमा मालिनी पर साधा निशाना

अबकी बार बाहरी और स्थानीय प्रत्याशी के बीच का मुकाबला है। मथुरा की जनता समझ चुकी है, सांसद हेमा मालिनी के पास जनता से मिलने का...

बहुजन समाजवादी पार्टी ने शनिवार को एक निजी होटल में कार्यकर्ता सम्मेलन और प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव मुनकाद अली ने मथुरा लोकसभा सीट के लिए पत्रकार कमलकांत उपमन्यु को बसपा का उम्मीदवार बनाया है। कमल कांत उपमन्यु बसपा से 1999 में भी लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं। इस चुनाव में बीएसपी तीसरे नंबर पर आई थी।

उपमन्यु का सामना मथुरा की सांसद हेमामालिनी से होगा। भाजपा ने भरोसा जताते हुए तीसरी बार उन्हें मैदान में उतारा है। बीएसपी प्रत्याशी कमल कांत उपमन्यु ने मौके पर आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि, अबकी बार यमुना शुद्धिकरण, बंदरों की समस्या, ट्रैफिक समस्या, किसानों की समस्या जैसे मुद्दे चुनाव में अहम रहेंगे। बीजेपी सांसद हेमा मालिनी बाहरी प्रत्याशी हैं, दो बार से मथुरा की जनता पर जबरन उन्हें थोपा गया है।

उपमन्यु ने इस कार्यक्रम में कहा कि अबकी बार बाहरी और स्थानीय प्रत्याशी के बीच का मुकाबला है। मथुरा की जनता समझ चुकी है, सांसद हेमा मालिनी के पास जनता से मिलने का समय नहीं है। वह अपनी सांसद निधि का पूरा पैसा भी जनता की सेवा में नहीं लगा सकी, उनकी निधि का बहुत पैसा तो वापस हो गया ।

भाजपा प्रत्याशी पर निशाना साधते हुए कहा कि मथुरा के राया इलाके में दीपावली के समय पर आतिशबाजी कांड हुआ था। इसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी, इस बड़ी घटना के बाद सांसद हेमा मालिनी मृतक परिवार को सांत्वना देने तक नहीं गई, और न ही अपनी जुबान से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने आगे कहा कि मैं हमेशा से जनता के बीच रहा हूं। उनके सुख-दुख में शामिल होता हूं। मैं यहां के लोगों की समस्याओं से बाकिब हूं। अबकी बार मथुरा की जनता स्थानीय प्रत्याशी पर भरोसा करेंगी।

यमुना शुद्धिकरण और कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा, कि एक लोटा यमुना जल मैं पीता हूं और एक लोटा यमुना जल सांसद हेमा मालिनी पीकर दिखाएं।

Related Articles

Back to top button