लखनऊ में नकली गुटखा फैक्ट्री का खुलासा, ब्रांडेड रैपर में बेच रहे थे नकली पान मसाला

लखनऊ: राजधानी लखनऊ में पुलिस ने नकली गुटखा और पान मसाला बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मड़ियांव थाना क्षेत्र के अजीज नगर में बंद मकान के अंदर लंबे समय से चल रही नकली गुटखा फैक्ट्री पर पुलिस ने छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक, सिकरवार चौराहे के पास कार्रवाई करते हुए मौके से भारी मात्रा में नकली पान मसाला बरामद किया गया है। छापेमारी के दौरान गुटखा बनाने वाली मशीनें और कई उपकरण भी मिले हैं।

पुलिस ने इस मामले में पिंटू गुप्ता और पवन साहू को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली गुटखा और पान मसाला तैयार कर बाजार में बेच रहे थे। फैक्ट्री से राजश्री, कमला पसंद, विमल और सिग्नेचर समेत कई बड़े ब्रांड के नाम वाले नकली रैपर बरामद किए गए हैं। आरोप है कि इन्हीं रैपर में नकली मसाला पैक कर ग्राहकों को बेचा जा रहा था।

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि नकली गुटखा फैक्ट्री कब से संचालित हो रही थी और इसमें कितने लोग शामिल हैं। साथ ही पुलिस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी कर रही है।प्रशासन का कहना है कि नकली खाद्य पदार्थ और प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button