
बॉलीवुड की आइकॉनिक कमिंग-ऑफ-एज फिल्म ‘दिल चाहता है’ ने सोमवार को रिलीज के 25 साल पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके पर फिल्म के निर्देशक फरहान अख्तर ने सोशल मीडिया पर फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा, “यकीन नहीं होता 25 साल हो गए… आकाश, समीर और सिड ऐसे नहीं लग रहे कि वे एक दिन भी बूढ़े हुए हैं!!!! इसे जिंदा रखने और अभी भी प्रासंगिक बनाए रखने के लिए, दर्शकों, आपका दिल से शुक्रिया।”
साल 2001 में रिलीज हुई इस फिल्म को फरहान अख्तर ने लिखा और निर्देशित किया था। फिल्म में आमिर खान, सैफ अली खान, अक्षय खन्ना, प्रीति जिंटा, सोनाली कुलकर्णी और डिंपल कपाड़िया ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। अपनी बेहतरीन कहानी, दमदार अभिनय और शानदार संगीत के लिए पहचानी जाने वाली इस फिल्म ने हिंदी में बेस्ट फीचर फिल्म का नेशनल अवॉर्ड भी जीता था। यह फिल्म तीन दोस्तों की कहानी है, जो प्यार, दोस्ती और ग्रेजुएशन के बाद की जिंदगी की चुनौतियों का सामना करते हैं।
इस खास अवसर पर फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने एक और बड़ी घोषणा करते हुए ‘एक्सेल ऑरिजिंस’ के लॉन्च का ऐलान किया है। यह पहल 30 साल से कम उम्र के युवा फिल्ममेकर्स, निर्देशकों और लेखकों पर फोकस करेगी, जो नए टैलेंट को आगे बढ़ाने और उन्हें अपने ओरिजिनल आइडियाज को पर्दे पर उतारने के लिए एक बेहतरीन मंच और संसाधन उपलब्ध कराएगी।









