पुलिस का फिल्मी एक्शन, ठेले वाले की एक्टिंग और गिरफ्त में बीमारी का नाटक कर रहा बदमाश

मध्य प्रदेश के सागर जिले में गोपालगंज थाना पुलिस ने एक शातिर और फरार बदमाश को पकड़ने के लिए अनोखी कार्रवाई की। कई संगीन मामलों में फरार चल रहे आरोपी को दबोचने के लिए पुलिस टीम हाथ ठेला लेकर उसके इलाके में पहुंची और बीमारी का नाटक कर रहे बदमाश को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

हाथ ठेला पर बैठाकर थाने लाई पुलिस

गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को संकरी गलियों से हाथ ठेला पर बैठाकर थाने लेकर आई। पुलिस की यह कार्रवाई अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। आरोपी खुद को बीमार बताकर पुलिस को चकमा दे रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

बीमारी का नाटक कर रहा था आरोपी

मामला गोपालगंज थाना क्षेत्र के शनिचरी इलाके का है। पुलिस को लंबे समय से मारपीट और लूट जैसे गंभीर मामलों में फरार चल रहे आरोपी अंकित उर्फ मगरा की तलाश थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी खुद को घायल बताकर बीमारी का नाटक कर रहा था। वह पुलिस को चकमा देने के लिए नाम बदल-बदलकर अलग-अलग जगहों पर इलाज भी करवा रहा था।

कटर मारकर लूट करने का आरोप

गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम मगरा ने बताया कि 11 फरवरी को पीड़ित भास्कर श्रीवास्तव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार आरोपी अंकित उर्फ मगरा ने कटर मारकर मारपीट की और लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था।

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले

थाना प्रभारी के मुताबिक आरोपी अंकित बेहद शातिर है और उस पर पहले से ही चार गंभीर मामले दर्ज हैं। लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन वह बीमारी का बहाना बनाकर गिरफ्तारी से बच रहा था।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बदली रणनीति

पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अंकित अपने घर में छिपा हुआ है। आरोपी को शक न हो और वह दोबारा भाग न सके, इसके लिए पुलिस ने अपनी रणनीति बदली। पुलिसकर्मी हाथ ठेला लेकर आम लोगों की तरह उसके इलाके में दाखिल हुए और मौके पर पहुंचकर आरोपी को दबोच लिया।

जिला बदर की कार्रवाई की तैयारी

लंबे समय से क्षेत्र में आतंक का पर्याय बने इस बदमाश की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ जिला बदर जैसी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।

Related Articles

Back to top button