
17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पर्व में वन विभाग स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान देगा। इस दौरान प्लास्टिक विरोधी अभियान, पक्षी अभयारण्यों की सफाई और जल स्रोतों के संरक्षण जैसी गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी।
शासन और विभाग स्तर पर नोडल अधिकारी बनाए गए
शासन स्तर पर उत्तर प्रदेश के पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन विभाग के सचिव सुशांत शर्मा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं विभागीय स्तर पर अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (परियोजना) रामकुमार को आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है।
पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर प्रदेशभर में पौधरोपण
25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर हर जनपद में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आमजन, शिक्षण संस्थान, एनजीओ, रोटरी-लायंस क्लब, ग्राम पंचायत सदस्य, शिक्षक और उद्योगपति इसमें शामिल होंगे। वन विभाग की सहयोगी संस्थाएँ जैसे बाघ मित्र, सारस मित्र और वेटलैंड मित्र भी इस कार्यक्रम में सक्रिय रहेंगी।
15 लाख पौधरोपण का भव्य अभियान
सेवा पर्व के दौरान पूरे प्रदेश में 15 लाख पौधरोपण किए जाएंगे। प्रत्येक नगर वन में कम से कम 100 पौधे लगाए जाएंगे। नगरीय क्षेत्रों, नदी के किनारे और तालाबों के आसपास प्राथमिकता दी जाएगी।
इसमें जनसहयोग, स्वयंसेवी संगठन, स्कूल, ईको क्लब और स्वयं सहायता समूह शामिल होंगे। आयोजन में महापौर, सांसद और विधायक सहित सभी जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी। साथ ही नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम और नवाचार पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।









