
डिजिटल डेस्क: हरियाणा के झज्जर जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां, बहादुरगढ़ इलाके में पूर्व विधायक नफे सिंह राठी पर जानलेवा हमला हुआ है। खबर है कि रविवार यानी 25 फरवरी को हुए इस हमले में इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे और उनके एक साथी की मौत हो गई है। वहीं इस हमले में कई दूसरे लोग और राठी के सुरक्षाकर्मियों को भी गोलियां लगी हैं।
I-10 गाड़ी में सवार होकर आए थे बदमाश
मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक नफे सिंह राठी पर ये हमला बराही फाटक के पास किया गया। इस गोलीबारी में नफे सिंह राठी की गर्दन के पास, कमर और जांघ पर कई गोलियां लगी हुई हैं। सूत्रों ने बताया है कि हमला करने वाले बदमाश आई-10 गाड़ी में सवार होकर आए थे। पूर्व विधायक जैसे ही बराही फाटक के पास पहुंचे उनपर हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जानकारी के मुताबिक उन पर कम से कम 40-50 राउंड फायरिंग की गई।
घायल ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल में भर्ती
इस हमले में घायल लोगों को गंभीर हालत में ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं मामले की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच चुकी है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।