मॉर्निंग वॉक के दौरान बेहोश होकर गिरे पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, दिल्ली AIIMS में भर्ती

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की बुधवार सुबह तबीयत बिगड़ गई। मॉर्निंग वॉक के दौरान बेहोश होने के बाद उन्हें दिल्ली AIIMS के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती कराया गया है।

नई दिल्ली: देश के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। मॉर्निंग वॉक के दौरान वह बेहोश होकर गिर पड़े और कुछ मिनटों तक होश में नहीं आए। घटना के बाद सुरक्षाकर्मी उन्हें पीसीआर वाहन से घर लेकर पहुंचे। वहां मेडिकल टीम ने उनका प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें एम्बुलेंस से दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है।

AIIMS के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में चल रहा इलाज

जानकारी के मुताबिक, घर पहुंचने के बाद इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज (ILBS) की मेडिकल टीम और एम्स के वरिष्ठ डॉक्टर संदीप सेठ ने मौके पर पहुंचकर जगदीप धनखड़ का प्राथमिक उपचार किया। उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी।

न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, पूर्व उपराष्ट्रपति को एम्स के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती कराया गया है। यहां कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। हालांकि, एम्स प्रशासन की ओर से अभी तक उनके स्वास्थ्य को लेकर कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।

इससे पहले भी बिगड़ चुकी है जगदीप धनखड़ की तबीयत

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत इससे पहले भी खराब हो चुकी है। 10 जनवरी को वह वॉशरूम में दो बार बेहोश हो गए थे। इसके बाद उन्हें दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था। उस दौरान डॉक्टरों ने उनकी जरूरी जांचों के साथ एमआरआई स्कैन भी कराया था।

लगातार खराब स्वास्थ्य और डॉक्टरों की चिकित्सकीय सलाह का हवाला देते हुए जगदीप धनखड़ ने भारत के 14वें उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था।

स्वास्थ्य कारणों से दिया था उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा

जगदीप धनखड़ ने अपने इस्तीफे की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की थी। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 67(ए) का उल्लेख करते हुए तत्काल प्रभाव से उपराष्ट्रपति पद छोड़ने की घोषणा की थी।

अपने संदेश में उन्होंने कहा था कि वह स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने के लिए इस्तीफा दे रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रपति के समर्थन और अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए आभार जताया था।

उन्होंने प्रधानमंत्री और मंत्रिपरिषद के प्रति भी अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त की थी।

फिलहाल जगदीप धनखड़ का दिल्ली एम्स में इलाज जारी है। उनके स्वास्थ्य को लेकर अस्पताल की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

Related Articles

Back to top button