
पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया के कांग्रेस पार्टी में शामिल होने के बाद से सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है। बीजेपी नेता और पूर्व WFI अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह लगातार कांग्रेस पार्टी पर जुबानी हमला कर रहे हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने रविवार को हुड्डा परिवार पर निशाना साधा है।
हुड्डा परिवार ने बहन-बेटियों पर लगाया दांव
बीजेपी नेता और पूर्व सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने कहा कि महाभारत के दौरान द्रौपदी को दांव पर लगाया गया है। इस बात के लिए देश ने आज तक पांडवों को माफ नहीं किया है। ऐसा ही दांव हुड्डा परिवार ने हमारी बहन-बेटियों पर लगाया है। जिसके लिए आने वाला कल माफ नहीं करेगा। इसके अलावा उन्होंने कहा कि मेरे ऊपर तीन घटनाओं को लेकर आरोप लगाया गया। लेकिन तीनों में बाहर था।
साबित हुई मेरी बात
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली। जिसके बाद बृज भूषण सिंह ने मीडिया से बात की थी। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब जंतर-मंतर पर प्रदर्शन हुआ था तब कहा था कि यह खिलाड़ियों का आंदोलन नहीं है। यह कांग्रेस का आंदोलन है। इसके पीछे खासकर भूपेंद्र हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा, प्रियंका, राहुल है। जोकि पहलवानों के कांग्रेस में शामिल होने के बाद मेरी बात साबित हो गई।
संगठन में मिली बड़ी जिम्मेदारी
गौरतलब है कि कांग्रेस में शामिल होने के बाद ही जुलाना विधानसभा सीट से विनेश फोगाट को पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा बजरंग पुनिया को पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। पुनिया को ऑल इंडिया किसान कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।









