
लखनऊ : चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज आपदा प्रबंधन को लेकर एक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। फ्यूल फार्म परिसर में आयोजित इस सिम्युलेटेड आपातकालीन प्रतिक्रिया अभ्यास का उद्देश्य किसी भी अप्रत्याशित स्थिति में विमानन ईंधन प्रदाताओं और सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता को परखना था।
इस मॉक ड्रिल में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL), इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL), हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL), एयरोड्रम रेस्क्यू एंड फायर फाइटिंग (ARFF) टीम, स्थानीय फायर स्टेशन और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की सक्रिय भागीदारी रही।
मॉक ड्रिल के दौरान विभिन्न आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए समन्वित प्रयासों का मूल्यांकन किया गया। इसमें आगजनी, ईंधन रिसाव और त्वरित बचाव अभियान जैसे परिदृश्यों का अभ्यास किया गया। इस अभ्यास ने हवाई अड्डे पर आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए मौजूद संसाधनों की दक्षता और तालमेल को और मजबूत किया।
हवाई अड्डा प्रशासन के अनुसार, इस तरह की मॉक ड्रिल्स नियमित रूप से आयोजित की जाती हैं ताकि सुरक्षा मानकों को बेहतर बनाया जा सके और किसी भी आपदा की स्थिति में सभी एजेंसियां तत्पर रहें।









