
मनोरंजन डेस्क : अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ में विजय सलगांवकर के किरदार की एक बार फिर वापसी हुई है। फिल्म में अजय देवगन के साथ फ्रैंचाइजी के कुछ पुराने और चर्चित चेहरे भी नजर आ रहे हैं। इन्हीं में इंस्पेक्टर गायतोंडे का किरदार भी शामिल है, जिसे अभिनेता कमलेश सावंत निभा रहे हैं।
बता दे कि गायतोंडे का किरदार ‘दृश्यम’ की कहानी में अपनी अलग पहचान रखता है। सख्त तेवर, पुलिसिया अंदाज और सलगांवकर परिवार से जुड़ी जांच के कारण यह किरदार दर्शकों के बीच पहले से ही लोकप्रिय रहा है। नई फिल्म में भी कमलेश सावंत की मौजूदगी को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बनी हुई है।
जाने कौन हैं कमलेश सावंत?
कमलेश सावंत का जन्म 12 जून 1974 को मुंबई, महाराष्ट्र में हुआ था। बचपन से ही उनका रुझान फिटनेस और अनुशासित जीवनशैली की तरफ था। उनके पिता तुकाराम सावंत इंडियन रेलवे में क्लर्क के साथ-साथ स्पोर्ट्स सेक्रेटरी के तौर पर भी काम करते थे। उन्होंने कमलेश और उनके भाई को बॉडीबिल्डिंग के लिए प्रोत्साहित किया। फिटनेस की इसी पृष्ठभूमि ने कमलेश सावंत को मजबूत शारीरिक व्यक्तित्व दिया। आगे चलकर पर्दे पर पुलिस और सख्त अधिकारियों के किरदार निभाने में भी उनकी यह छवि काफी काम आई।
मराठी सिनेमा से शुरू हुआ सफर
कमलेश सावंत ने मराठी सिनेमा में 2007 की फिल्म ‘एक क्रांतिवीर: वासुदेव बलवंत फड़के’ से कदम रखा। इसके बाद वह ‘रिंगा रिंगा’, ‘लालबाग परेल’ और ‘दागड़ी चाल’ जैसी फिल्मों में दिखाई दिए। फिल्मों के साथ-साथ उन्होंने मराठी टेलीविजन में भी काम किया। टेलीविजन सीरीज ‘लक्ष्य’ से उन्हें खास पहचान मिली। अभिनय के अलावा उनका जुड़ाव थिएटर से भी रहा है।
‘खाकी’ से बॉलीवुड में एंट्री
कमलेश सावंत ने 2004 में फिल्म ‘खाकी’ से हिंदी सिनेमा में कदम रखा था। अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार, अजय देवगन, तुषार कपूर और ऐश्वर्या राय बच्चन जैसे कलाकारों वाली इस फिल्म में उन्होंने एक कॉन्स्टेबल की भूमिका निभाई थी। इसके बाद कमलेश सावंत कई हिंदी फिल्मों में पुलिस और कानून-व्यवस्था से जुड़े किरदारों में नजर आए। ‘मुंबई मेरी जान’, ‘राइट या रॉन्ग’, ‘फोर्स’ और ‘भूतनाथ रिटर्न्स’ जैसी फिल्मों में भी उन्होंने काम किया।
गायतोंडे बना सबसे चर्चित किरदार
हालांकि कमलेश सावंत के करियर में इंस्पेक्टर गायतोंडे का किरदार खास महत्व रखता है। ‘दृश्यम’ फ्रैंचाइजी में उनका किरदार विजय सलगांवकर और उसके परिवार से जुड़ी जांच का हिस्सा रहा है। यही वजह है कि ‘दृश्यम 3’ में गायतोंडे की वापसी ने एक बार फिर दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। अजय देवगन के विजय सलगांवकर और कमलेश सावंत के गायतोंडे के बीच टकराव इस फ्रैंचाइजी की कहानी का अहम हिस्सा रहा है।









