
उत्तराखंड के रुद्रपुर से एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 22 फरवरी की देर रात उधम सिंह नगर जनपद के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में एक युवती के साथ हथियार के बल पर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। पीड़िता अपने परिजनों के साथ ‘सरस मेले’ से घर लौट रही थी, जब मोदी मैदान के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने तमंचे के बल पर दोनों को धमकाया और युवती को जबरन सुनसान स्थान पर ले गए। पीड़िता की शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और विरोध करने पर मारपीट भी की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने घटना का वीडियो बनाकर उसे वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन ने फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए हैं, और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं और उनकी पहचान करने का प्रयास कर रही हैं।
सीओ सिटी रुद्रपुर, प्रशांत कुमार ने बताया कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस मामले की जांच में पूरी तत्परता से जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है। इस घटना ने न केवल रुद्रपुर बल्कि पूरे उत्तराखंड में महिलाओं की सुरक्षा के सवाल को फिर से तूल दिया है।









