गौतम अडानी ने असम बाढ़ राहत के लिए दिए ₹11 करोड़, 8 हजार परिवारों तक पहुंची मदद

गुवाहाटी: असम में बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ने बड़ा योगदान दिया है। उन्होंने राज्य के बाढ़ राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए असम मुख्यमंत्री राहत कोष में ₹11 करोड़ की सहायता राशि दी है।

असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस योगदान को स्वीकार करते हुए कहा कि इस मदद से राज्य के राहत प्रयासों को मजबूती मिलेगी और हजारों प्रभावित परिवारों को सहायता मिल सकेगी।

अडानी फाउंडेशन ने शुरू किया राहत अभियान

गौतम अडानी के योगदान के बाद अडानी ग्रुप की सोशल वेलफेयर और डेवलपमेंट शाखा अडानी फाउंडेशन ने ऊपरी असम में बाढ़ राहत अभियान शुरू किया है।इस अभियान में अडानी स्मार्ट मीटर और गुवाहाटी इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (GIAL) का सहयोग भी शामिल है। अडानी फाउंडेशन की ओर से शिवसागर जिले के नाजिरा सब-डिवीजन और धेमाजी जिले के सिलापाथर में करीब 8 हजार बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।

राहत किट में जरूरी सामान शामिल

प्रभावित परिवारों को दी जा रही राहत किट में जरूरी खाद्य सामग्री, दवाइयां, सफाई और हाइजीन से जुड़े सामान शामिल हैं। इसका उद्देश्य बाढ़ से प्रभावित परिवारों को तत्काल जरूरतों को पूरा करने में मदद करना है, ताकि वे अपनी जिंदगी दोबारा शुरू कर सकें।

दूर-दराज गांवों तक पहुंच रही मदद

राहत अभियान नाजिरा क्षेत्र के कई गांवों में चलाया जा रहा है। इनमें गुरमुर मिरी (नेपाली बस्ती), संतक ग्रांट, बालीगांव, रोजापूल दुवाराह गांव, बामुनपुखुरी, गोहेन गांव (कोमोल सपोरी), हुलांग कटोनी, हुलांग कलिता, बेंगमोरा कोंवर गांव, बैलुंग गांव, मिरी गांव, औगुरिजान और बिहुबोर ग्रांट शामिल हैं। इसके अलावा सिलापाथर के बाढ़ प्रभावित इलाकों में भी राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।

रिकवरी में मदद के लिए प्रतिबद्ध अडानी फाउंडेशन

अडानी फाउंडेशन ने कहा कि राहत कार्य रिकवरी की दिशा में पहला कदम है। बाढ़ के बाद प्रभावित परिवारों को दोबारा सामान्य जीवन में लौटने में मदद करने और समुदायों को मजबूत बनाने के लिए अभियान जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button