‘मेरे नाम का गलत इस्तेमाल नहीं सहूंगा’, गौतम गंभीर ने दिल्ली हाई कोर्ट में दायर किया केस…

गंभीर की टीम ने बताया कि 2025 के अंत से सोशल मीडिया पर उनके नाम से कई फर्जी वीडियो और पोस्ट्स का तेज़ी से प्रसार हो रहा है, जिसमें उन्हें ऐसे बयान देते हुए दिखाया गया है जो उन्होंने कभी दिए ही नहीं।

नई दिल्ली: भारत के पूर्व क्रिकेटर और दो बार के ICC व्हाइट-बॉल वर्ल्ड कप चैंपियन, गौतम गंभीर ने अपनी पहचान के गलत इस्तेमाल के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है। उन्होंने कोर्ट में एक सिविल केस दायर किया है, जिसमें डिजिटल नकल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बने डीपफेक और बिना इजाज़त के कमर्शियल इस्तेमाल के खिलाफ अपनी पहचान और पब्लिसिटी अधिकारों की सुरक्षा की मांग की है।

बता दें, गंभीर की टीम ने बताया कि 2025 के अंत से सोशल मीडिया पर उनके नाम से कई फर्जी वीडियो और पोस्ट्स का तेज़ी से प्रसार हो रहा है, जिसमें उन्हें ऐसे बयान देते हुए दिखाया गया है जो उन्होंने कभी दिए ही नहीं। इनमें एक “इस्तीफे की घोषणा” वाली नकली वीडियो क्लिप शामिल थी, जिसे 29 लाख से ज्यादा बार देखा गया। साथ ही, एक अन्य वीडियो में उन्हें सीनियर क्रिकेटरों के वर्ल्ड कप में भाग लेने पर टिप्पणी करते हुए दिखाया गया था, जिसे 17 लाख से ज्यादा बार देखा गया।

बता दें, गंभीर ने कहा कि उनकी पहचान का गलत इस्तेमाल करके कई अनजान अकाउंट्स और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स उन्हें बदनाम करने के साथ-साथ अपने लिए आर्थिक लाभ कमा रहे हैं। उन्होंने 16 प्रतिवादियों के खिलाफ मुकदमा दायर किया है, जिनमें सोशल मीडिया अकाउंट्स, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स जैसे अमेजन, फ्लिपकार्ट और प्लेटफॉर्म बिचौलिये जैसे मेटा, एक्स कॉर्प और गूगल शामिल हैं।

यह मामला कॉपीराइट, ट्रेडमार्क और वाणिज्यिक न्यायालय कानूनों के तहत दायर किया गया है, और कोर्ट से यह मांग की गई है कि इन फर्जी खातों और कंटेंट को हटाया जाए और भविष्य में इनसे रोक लगाई जाए।

गंभीर ने कहा, “यह सिर्फ व्यक्तिगत नुकसान का मामला नहीं है, बल्कि यह कानून और सम्मान का मुद्दा है, विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस युग में हर पब्लिक फिगर को अपनी सुरक्षा का पूरा हक है।”

इस मुकदमे में गंभीर ने अपनी पहचान, नाम, आवाज़ और इमेज के इस्तेमाल पर स्थायी रोक लगाने की मांग की है, ताकि बिना उनकी सहमति के कोई इनका उपयोग न कर सके।

Related Articles

Back to top button