नेशनल फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से ITBP अकादमी में फहराया गया विशालकाय राष्ट्रीय ध्वज

नेशनल फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से भारत तिब्बत सीमा पुलिस अकादमी में विशालकाय राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।

हमारे देश को आजाद हुए 75 वर्ष पूर्ण होने पर सम्पूर्ण भारत देश में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इसके तहत गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा राज्यों की राजधानियों में कार्यरत केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की फॉरमेशनो में उच्च मास्ट राष्ट्रीय ध्वज की स्थापना हेतु निर्देशित किया गया है।

नेशनल फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से भारत तिब्बत सीमा पुलिस अकादमी में विशालकाय राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नीलाभ किशोर, भारतीय पुलिस सेवा, महानिरीक्षक, उत्तरी सीमान्त मुख्यालय, देहरादून ने उच्च मास्ट राष्ट्रीय ध्वज का उद्घाटन एवं ध्वजारोहण किया।

मुख्य अतिथि आईजी नीलाभ ने अपने संबोधन में कहा कि कि आजादी के अमृत महोत्सव के पावन पर्व पर भारत तिब्बत सीमा पुलिस अकादमी को उच्च मास्ट राष्ट्रीय ध्वज के ध्वजारोहण का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। राष्ट्रीय ध्वज हमारी एकता एवं अखण्डता का परिचायक है। देश की राष्ट्रीय एकता व अखण्डता को बनाये रखने के लिये भारत माता के कई सपूतों ने अपना सर्वोच्च बलिदान देकर राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा को बनाये रखने में अपना अहम योगदान दिया है।

इस कार्यक्रम में नेशनल फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया से आये सेवानिवृत्त मेजर जनरल असीम कोहली ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज हमारे देश प्रेम का पहला प्रतीक है। हमारा उददेश्य है कि देश के हर सरकारी व गैर सरकारी कार्यालय सहित हर घर में राष्ट्रीय ध्वज लगायें, यह हमारे गौरव का प्रतीक है इसे हर घर में हमेशा लगाना चाहिए। हर नागरिक को भारतीय होने पर गर्व है तो अपने घर में झंडा जरूर लगायें।

Related Articles

Back to top button