
यदि आप माता वैष्णो देवी के दरबार में हाजिरी लगाने की योजना बना रहे हैं, तो भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) आपके लिए एक बेहद किफायती और प्रीमियम सुविधाओं से लैस टूर पैकेज लेकर आया है। इस वीकेंड स्पेशल पैकेज की सबसे बड़ी खूबी यह है कि तीन लोगों के साथ यात्रा करने पर मात्र ₹8,420 प्रति व्यक्ति के बजट में आपको वीआईपी श्रेणी की सुविधाएं मिलेंगी।
राजधानी एक्सप्रेस से आरामदायक सफर
इस स्पेशल पैकेज के तहत श्रद्धालुओं को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से जम्मू तवी तक का सफर देश की प्रीमियम ट्रेन राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर: 12425/12426) से कराया जाएगा। यह ट्रेन नई दिल्ली से हर शुक्रवार और शनिवार को रात 8:40 बजे रवाना होती है। यात्रियों के पास अपनी सुविधा और बजट के अनुसार थर्ड एसी या सेकंड एसी में सफर करने का बेहतरीन विकल्प होगा।
कटरा में ‘ताज विवंता’ में ठहरने और भोजन की व्यवस्था
IRCTC ने इस पैकेज में न केवल सफर, बल्कि कटरा पहुंचने पर ठहरने और भोजन की बेहद आलीशान व्यवस्था की है। पैकेज के तहत श्रद्धालुओं को कटरा के प्रीमियम एसी होटल ‘ताज विवंता’ या इसके समकक्ष होटल में ठहराया जाएगा। इसके साथ ही होटल में नाश्ता, दोपहर और रात का खाना पूरी तरह मुफ्त मिलेगा। इतना ही नहीं, राजधानी एक्सप्रेस में आने-जाने के दौरान ट्रेन के भीतर मिलने वाला भोजन और नाश्ता भी इसी पैकेज का हिस्सा है, जिससे यात्रियों को रास्ते में खाने-पीने की कोई चिंता नहीं होगी।









