गोविंदा ने पत्नी सुनीता आहूजा के बयान पर तोड़ी चुप्पी, बोले- ‘अपनी हद में रहो’

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा ने पत्नी सुनीता आहूजा के हालिया बयानों पर अपनी चुप्पी तोड़ दी है। गोविंदा ने एक वीडियो संदेश जारी कर सुनीता से अपील की कि वह ऐसे बयान न दें, जिससे उनकी छवि, करियर और इंडस्ट्री में बनी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचे।

गोविंदा ने कहा कि उन्होंने हमेशा सुनीता के प्रोफेशनल फैसलों का समर्थन किया है। उन्होंने सुनीता के टीवी शो ‘लाफ्टर शेफ्स’ और ‘लॉक अप’ जैसे प्रोजेक्ट्स का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने हर कदम पर उनका साथ दिया।

अभिनेता ने अपने करियर को लेकर कहा कि उन्होंने लंबे समय तक दर्शकों के बीच अपनी एक पहचान बनाई है और अब वह फिल्मों में काम कर रहे हैं। गोविंदा ने कहा कि वह नहीं चाहते कि कोई भी बयान उनके प्रशंसकों के बीच बनी उनकी जगह और सम्मान को प्रभावित करे।

गोविंदा ने कहा कि सार्वजनिक रूप से किसी की आलोचना इतनी ज्यादा नहीं होनी चाहिए कि नए कलाकार इंडस्ट्री में आने से डरने लगें। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने संघर्ष और मेहनत से आगे बढ़ने का मौका मिलना चाहिए।

अभिनेता ने युवा कलाकारों के साथ काम करने के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि बड़े कलाकारों ने भी अपने शुरुआती दौर में नए कलाकारों के साथ काम किया है और इससे उन्हें सफलता, पहचान और सम्मान मिला है।

गोविंदा ने पत्नी सुनीता आहूजा से सीधे तौर पर अपील करते हुए कहा, “कृपया अपनी हद में रहें।” उन्होंने कहा कि भविष्य में भी उन्हें कभी न कभी एक-दूसरे की जरूरत पड़ सकती है, इसलिए इस तरह के बयान देने से बचना चाहिए।

दरअसल, हाल ही में सुनीता आहूजा ने मीडिया से बातचीत के दौरान गोविंदा के रानी मुखर्जी के साथ वायरल हुए वीडियो और तस्वीरों पर सवाल उठाए थे। उन्होंने गोविंदा की हालिया गतिविधियों को लेकर टिप्पणी की थी, जिसके बाद अभिनेता ने यह प्रतिक्रिया दी है।

Related Articles

Back to top button