
गुजरात के सूरत शहर में एक प्रतिष्ठित परिवार की महिला को प्रेमजाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने और उसके पति से रंगदारी मांगने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सूरत एसओजी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जिम ट्रेनर शब्बीर असगर ट्रंकवाला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर महिला की निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर 5 लाख रुपये की मांग करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
7 साल पहले जिम में हुई थी मुलाकात
पुलिस के अनुसार, शहर के एक अरबपति परिवार की महिला करीब सात साल पहले सिटीलाइट इलाके स्थित ‘पूजा एल-1 जिम’ में कसरत करने जाती थी। वहां कार्यरत जिम ट्रेनर शब्बीर असगर ट्रंकवाला ने महिला को अपनी बातों में उलझाकर उससे नजदीकी बढ़ा ली थी। यह सिलसिला पिछले सात वर्षों से चल रहा था। जब महिला के पति को इस बात की भनक लगी और उन्हें अपना वैवाहिक जीवन बिखरता हुआ दिखा, तो उन्होंने स्थिति को संभालने के लिए आरोपी से संपर्क किया।
फोटो वायरल करने की धमकी और 5 लाख की मांग
पीड़ित पति का आरोप है कि पिछले सात महीनों के दौरान उन्होंने कई बार शब्बीर से बात की, लेकिन वह अब ब्लैकमेलिंग पर उतर आया था। आरोपी ने महिला के साथ कुछ निजी तस्वीरें खींच ली थीं और उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर परिवार में व्यवधान डालना शुरू कर दिया था। जब पति ने तस्वीरें वायरल न करने की विनती की, तो आरोपी ने इसके बदले 5 लाख रुपये की मांग की।
जानलेवा हमला और पुलिस की कार्रवाई
हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने न केवल पैसों की मांग की, बल्कि पीड़ित पति पर जानलेवा हमला भी किया। एक मुलाकात के दौरान आरोपी ने उनके ही मोपेड का कांच तोड़कर उनके गले पर लगा दिया और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच, पीड़ित ने एसओजी पुलिस द्वारा जिम ट्रेनरों के लिए जारी की गई सुरक्षा गाइडलाइंस और बैठकों की खबरें पढ़ीं, जिसके बाद उन्होंने पाल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की सख्त चेतावनी
सूरत एसओजी के डीसीपी राजदीप सिंह नकुम ने मीडिया को बताया कि हाल ही में पुलिस ने जिम संचालकों और ट्रेनरों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की थी। इसमें स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि किसी भी ट्रेनर को नियुक्त करने से पहले उसका चरित्र सत्यापन (Character Verification) अनिवार्य रूप से करवाया जाए। साथ ही ट्रेनरों को महिला ग्राहकों के साथ किसी भी प्रकार का व्यक्तिगत संपर्क न रखने की चेतावनी दी गई थी। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी शब्बीर असगर ट्रंकवाला को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास मौजूद आपत्तिजनक सामग्री की जांच की जा रही है।









