
नई दिल्ली। ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त धमाल मचा दिया है। खास बात यह है कि जब फिल्म रिलीज हुई थी, तब इसका कोई बड़ा प्रमोशन नहीं किया गया था और फिल्म को बेहद कम शोज मिले थे। लेकिन तीसरे हफ्ते में आते-आते फिल्म ने ऐसा जादू दिखाया कि हर तरफ इसकी चर्चा होने लगी। दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह है और पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ ने इसे नई ऊंचाई दी है।
डायरेक्टर ने फिल्म की सफलता को बताया दिव्य चमत्कार
फिल्म के राइटर और डायरेक्टर डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने इस सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मुझे लगता है कि फिल्म में सबसे पहले जिस चीज ने काम किया, वो है बाबा की दिव्य कहानी। म्यूजिक, एक्टर्स और पूरी टीम सब्जेक्ट से भावनात्मक रूप से जुड़ी हुई है। हमने जानबूझकर कोई पीआर या प्रमोशन नहीं किया, क्योंकि हमारे पास उसका कोई बजट ही नहीं था। लेकिन ऑडियंस ने ही पीआर की भूमिका निभाई और सोशल मीडिया पोस्टिंग व पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ ने कमाल कर दिया।”
सिर्फ 1.7 करोड़ का बजट था, लेकिन फिल्म ने जादू कर दिया
डॉ. विशाल ने आगे कहा, “महज 1.7 करोड़ रुपये के बजट में हम बस यही चाहते थे कि ऑडियंस फिल्म देखे और हमारा निवेश वापस मिल जाए। लेकिन फिल्म ने जादू कर दिया। अब हमने कलेक्शन देखना बंद कर दिया है और सिर्फ आशीर्वाद, तारीफ और दर्शकों का प्यार गिन रहे हैं।”
25 स्क्रीन पर सिमटी, फिर भी दर्शक पहुंचे 250 किलोमीटर दूर
15 अगस्त को ‘बंटवारा 1947’ और ‘आवारापन 2’ जैसी बड़ी फिल्मों की रिलीज के बीच ‘हनुमान अंश’ महज 25 स्क्रीन तक सीमित कर दी गई। लेकिन इसके बावजूद फिल्म के शोज फुल चल रहे थे। डायरेक्टर ने बताया कि लोग फिल्म देखने के लिए 200 से 250 किलोमीटर तक का सफर करके पहुंच रहे थे।
सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो भी सामने आए, जिनमें फिल्म खत्म होने के बाद भी दर्शक अपनी सीटों से उठ नहीं रहे थे और भावुक हो गए। फिल्म में शोभिनव सत्या, विहान शेडगे, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी और अनिल रस्तोगी जैसे कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं।








