
हरियाणवी संगीत जगत से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। युवा और लोकप्रिय हरियाणवी गायक, गीतकार व संगीतकार अंकित बालियान की उत्तर प्रदेश के शामली जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटना से महज एक घंटे पहले ही अंकित ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट किया था। उनकी अचानक हुई हत्या की खबर से जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं उनके प्रशंसकों और पूरी हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।
मूल रूप से शामली जिले के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले अंकित बालियान ने बेहद कम समय में अपनी ठेठ देहाती शैली और शानदार गायकी के बल पर अपनी खास पहचान बनाई थी। करीब तीन साल पहले पेशेवर संगीत की दुनिया में कदम रखने वाले अंकित ने फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने ‘खटोला जेल के भीतर भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ और ‘जाट जाटनी’ जैसे कई सुपरहिट गाने दिए, जिन्हें यूट्यूब और सोशल मीडिया पर लाखों व्यूज मिले।
अंकित ने हरियाणवी इंडस्ट्री के कई बड़े कलाकारों जैसे मासूम शर्मा, रानू पंजाबी, अंजलि राघव और आशू ट्विंकल के साथ मिलकर कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम किया था। शामली और पश्चिमी यूपी की देहाती संस्कृति से गहरा लगाव रखने वाले अंकित के गानों में युवाओं और ग्रामीण जीवन का रंग बखूबी देखने को मिलता था। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और हत्यारों की तलाश की जा रही है।









