
भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल मुकाबले से पहले टीम इंडिया के युवा ओपनर अभिषेक शर्मा को बड़ी राहत मिली है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने उनके खराब फॉर्म के बावजूद पूरा समर्थन जताया है। पोंटिंग का मानना है कि अभिषेक इस बड़े मुकाबले में कुछ खास कर सकते हैं और उनके पास सेमीफाइनल के लिए खास तैयारी है।
बता दें, टी20 वर्ल्ड कप में अब तक अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। टूर्नामेंट की शुरुआत उन्होंने लगातार तीन शून्य के साथ की। इसके बाद फूड पॉइजनिंग के कारण वह एक मैच से बाहर भी रहे। सुपर आठ चरण में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने 15 रन बनाए, जबकि जिम्बाब्वे के खिलाफ 55 रन की पारी खेलकर उन्होंने वापसी के संकेत दिए। हालांकि वेस्टइंडीज के खिलाफ वह फिर सस्ते में आउट हो गए। छह पारियों में उनके नाम कुल 80 रन दर्ज हैं, जिसमें तीन बार डक शामिल हैं।
आईसीसी रिव्यू कार्यक्रम के दौरान पोंटिंग ने कहा कि टूर्नामेंट शुरू होने से पहले उन्हें लगा था कि अभिषेक सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में होंगे। भले ही ऐसा नहीं हुआ, लेकिन वह अब भी उनके साथ खड़े हैं। पोंटिंग ने भारतीय बल्लेबाजी क्रम की गहराई की भी तारीफ की और कहा कि टीम में कई मैच विनर खिलाड़ी मौजूद हैं।
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान का मानना है कि अभिषेक को सिर्फ मानसिक रूप से खुद को तरोताजा करने की जरूरत है। लगातार दबाव में रहने से प्रदर्शन प्रभावित होता है, ऐसे में कभी-कभी नेट्स से दूरी बनाना भी फायदेमंद होता है। पोंटिंग ने भरोसा जताया कि सेमीफाइनल जैसे बड़े मैच में अभिषेक अपनी छाप छोड़ सकते हैं।









