Healthy Snacks : बच्चों के लंच बॉक्स के लिए बनाएं 5 स्वादिष्ट और पौष्टिक स्नैक्स, टिफिन देखते ही खुश हो जाएंगे बच्चे

एक बड़े बर्तन में पैनकेक की सभी सामग्री मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार करें। 10 मिनट बाद इस घोल से नॉन-स्टिक तवे पर ...

लंच बॉक्स के लिए रोज कुछ नया, स्वादिष्ट और पौष्टिक बनाना हर मां के लिए बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में सिंपल खाने को मॉडर्न टेस्ट के साथ जोड़कर टिफिन को खास बनाया जा सकता है। ओट्स, रागी, पनीर और दालों से तैयार ये 5 रेसिपीज न सिर्फ बच्चों की सेहत का ख्याल रखती हैं, बल्कि देखने में भी आकर्षक हैं। इन्हें घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है।

1. ओट्स-रागी पिनव्हील रोल

सामग्री

  • आधा कप रागी का आटा
  • 2 टेबलस्पून ओट्स का आटा
  • 1 टीस्पून सोयाबीन का आटा
  • 1 टीस्पून गेहूं का आटा
  • चुटकीभर बेकिंग पाउडर
  • 1 चुटकी नमक
  • आवश्यकता के अनुसार दूध या पानी

भरावन की सामग्री:

  • चौथाई कप पनीर मसला हुआ
  • 2 टेबलस्पून अंजीर काटकर भिगोए हुए
  • 2 टेबलस्पून कटी हुई मेवा
  • 2 टीस्पून टूटी-फ्रूटी
  • 2 टीस्पून चीनी पाउडर

अन्य सामग्री:

  • तलने के लिए तेल
  • स्प्रेड के लिए मनपसंद फलों का जैम
  • सजाने के लिए भुनी खसखस और चेरी

बनाने की विधि

एक बड़े बर्तन में पैनकेक की सभी सामग्री मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार करें। 10 मिनट बाद इस घोल से नॉन-स्टिक तवे पर चीले बनाएं। सभी चीले तैयार होने के बाद भरावन की सामग्री को अच्छी तरह मिलाएं।

अब प्रत्येक चीले पर जैम लगाकर भरावन की पतली परत फैलाएं। सामग्री को चीले के तीन-चौथाई हिस्से तक ही फैलाएं, ताकि रोल करते समय वह बाहर न निकले। चीले को सावधानी से रोल करके एल्युमिनियम फॉयल में लपेटें और 2 से 3 घंटे के लिए फ्रिज में सेट होने रखें।

सेट होने के बाद रोल्स को पतले-पतले टुकड़ों में काटकर पिनव्हील का आकार दें। अंत में भुनी खसखस और चेरी से सजाकर लंच बॉक्स में पैक करें।

2. मीठा मलाई सैंडविच

सामग्री

  • 3 स्लाइस ब्रेड
  • 4 टेबलस्पून ताजी मलाई
  • 3 टीस्पून या स्वादानुसार चीनी पाउडर
  • थोड़े-से चीनी के दाने
  • 2 टेबलस्पून मिक्स ड्राई फ्रूट्स
  • 2 टेबलस्पून मक्खन

सजाने के लिए:

  • मिक्स ड्राई फ्रूट्स
  • ग्लेज्ड चेरी

बनाने की विधि

मलाई में चीनी पाउडर डालकर अच्छी तरह फेंटें और मेवे काट लें। एक ब्रेड स्लाइस पर मलाई फैलाएं। ऊपर से थोड़ी चीनी और कटे हुए मेवे छिड़कें। इसके ऊपर दूसरा ब्रेड स्लाइस रखें।

अब दूसरे स्लाइस पर भी मलाई फैलाकर चीनी और मेवे डालें और तीसरे ब्रेड स्लाइस से कवर करें। दोनों तरफ मक्खन लगाएं और ग्रिल्ड सैंडविच मेकर में करारा होने तक सेकें।

सैंडविच तैयार होने के बाद इसे बीच से काटें और मेवे व चेरी से सजाएं। ठंडा होने पर लंच बॉक्स में रखें।

3. रागी ओट्स वॉफल्स

सामग्री

  • 1 कप रागी का आटा
  • 1/4 कप ओट्स पाउडर
  • 1/4 कप गेहूं का आटा
  • 1 टीस्पून अदरक का पेस्ट
  • स्वादानुसार नमक
  • 1/4 टीस्पून खाने का सोडा
  • आवश्यकतानुसार ऑलिव ऑयल
  • थोड़ा-सा कद्दूकस किया हुआ ताजा नारियल
  • ताजा हरा धनिया कटा हुआ
  • मनपसंद सॉस

सजाने के लिए:

  • खीरा
  • टमाटर
  • ताजा धनिया
  • ताजा नारियल

अन्य सामग्री:

  • वॉफल्स टोस्टर

बनाने की विधि

रागी के आटे में तेल के अलावा बाकी सभी सामग्री मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार करें। वॉफल्स टोस्टर को गर्म करके उस पर ऑलिव ऑयल लगाएं। टोस्टर में घोल डालें और ब्रश की मदद से थोड़ा-सा तेल ऊपर भी लगाएं।

टोस्टर को बंद करके 10 से 12 मिनट तक सेकें। अच्छी तरह सिक जाने पर इसे मनपसंद आकार में काटें। ऊपर से धनिया और नारियल छिड़कें। खीरे और टमाटर से सजाकर लंच बॉक्स में रखें।

4. आलू मसाला स्टफ्ड मिनी पैनकेक

सामग्री

  • 1 कप ओट्स दरदरे पिसे
  • चौथाई कप सूजी
  • 1 कप छाछ
  • 1/2 टीस्पून खाने का सोडा
  • 1 टीस्पून काली मिर्च पिसी हुई
  • 1/2 टीस्पून जीरा पिसा हुआ
  • स्वादानुसार नमक
  • आवश्यकतानुसार तेल

भरावन मसाला:

  • 4 आलू उबालकर मसले हुए
  • 1 कप कटा हुआ प्याज
  • 2 टेबलस्पून तेल
  • 1 टीस्पून सरसों के दाने
  • 6-7 करी पत्ते
  • स्वादानुसार नमक
  • 1/4 टीस्पून हल्दी पाउडर

भरावन मसाला बनाने की विधि

पैन गर्म करके सरसों के दाने, प्याज और करी पत्ते को मध्यम आंच पर भूनें। प्याज के हल्का भुन जाने पर नमक और हल्दी मिलाएं। अब इसमें मसले हुए आलू डालकर 2 से 3 मिनट तक पकाएं।

पैनकेक बनाने की विधि

एक कटोरे में तेल के अलावा पैनकेक की बाकी सभी सामग्री मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार करें। तवा गर्म करके हल्का-सा तेल लगाएं और चम्मच से थोड़ा घोल चीले की तरह फैलाएं।

अब तैयार आलू मसाले की छोटी टिक्की बनाकर चीले के ऊपर रखें और उसके ऊपर एक चम्मच घोल डालकर ढक दें। धीमी आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेकें। इसी तरह बाकी घोल से भी पैनकेक तैयार करें।

प्रत्येक पैनकेक को बीच से काटें और मनपसंद चटनी के साथ टिफिन में पैक करें।

5. ओट्स मसूर दाल स्माइली

सामग्री

  • 1/2 कप काली मसूर उबली हुई
  • 2 आलू उबालकर मसले हुए
  • 1 टीस्पून अदरक-लहसुन का पेस्ट
  • 2 टेबलस्पून ओट्स का आटा
  • 2 टीस्पून कॉर्न फ्लोर
  • स्वादानुसार नमक और काली मिर्च

अन्य सामग्री:

  • तलने के लिए तेल
  • सजाने के लिए टमाटर
  • कॉर्न
  • पनीर
  • कली उड़द भीगी हुई

बनाने की विधि

उबली मसूर को छलनी में रखकर पूरा पानी निकाल दें। इसके बाद इसे मिक्सी में पीस लें। एक बर्तन में पिसी मसूर और बाकी सभी सामग्री मिलाकर स्माइली का मिश्रण तैयार करें।

मिश्रण को बराबर भागों में बांटकर गोल आकार दें और स्माइली कटर या चम्मच की मदद से स्माइली का रूप दें। कढ़ाई में तेल गर्म करके इन्हें मध्यम आंच पर सुनहरा होने तक तलें।

तली हुई स्माइलीज को प्लेट में रखें। टमाटर से होंठ, कॉर्न से दांत और पनीर व काली उड़द से आंखें बनाएं। तैयार स्माइलीज को लंच बॉक्स में रखें।

Related Articles

Back to top button