
नई दिल्ली: देश के कई राज्यों में एक बार फिर बारिश का दौर तेज हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने आज यानी 27 सितंबर को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार समेत 22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही आंधी और गरज-चमक की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम पर नजर बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की सलाह दी है। भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है।
डिप्रेशन के असर से कई राज्यों में बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे सटे उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर बना डिप्रेशन उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, छत्तीसगढ़, बिहार और आसपास के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। हालांकि, अगले 12 घंटों में इस डिप्रेशन के कमजोर होने का पूर्वानुमान है।
आईएमडी ने अगले 24 घंटों के लिए पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कम से मध्यम स्तर के अचानक बाढ़ के खतरे की चेतावनी दी है।
इन 22 राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में सबसे अधिक बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, गुजरात, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना में हल्की से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आंधी के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम ?
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 27 सितंबर को मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आसमान सामान्य तौर पर बादलों से घिरा रहेगा और मध्यम बारिश की संभावना है।
सुबह से शाम तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है। 28 सितंबर को भी दिल्ली में बादल छाए रह सकते हैं, हालांकि बारिश की तीव्रता कम होने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 29 सितंबर को मौसम में धीरे-धीरे सुधार की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में 27 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। IMD के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 27 से 29 सितंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश जारी रहने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ आंधी चलने की भी संभावना है।









