गुरुग्राम में महिला बाइक राइडर से हिट एंड रन, कार ने मारी टक्कर और मौके से हुआ फरार

डेस्क : गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर एक महिला बाइक राइडर के साथ हिट एंड रन का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक तेज रफ्तार कार ने महिला की स्पोर्ट्स बाइक को टक्कर मार दी, जिसके बाद बाइक सड़क पर कई मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए।

पीड़ित महिला बाइक राइडर की पहचान सिया के रूप में हुई है। उन्होंने घटना की जानकारी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा की है। हादसे में उन्हें चोटें भी आई हैं।

बाइकिंग ग्रुप के साथ राइड पर निकली थीं सिया

सिया के मुताबिक, वह रविवार को अपनी अप्रिलिया आरएस 457 स्पोर्ट्स बाइक से अपने बाइकिंग ग्रुप के साथ गोल्फ कोर्स रोड पर राइड कर रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि राइड शुरू होने के बाद से ही एक कार में बैठे कुछ लोग उनका पीछा कर रहे थे। सिया का कहना है कि कार सवारों ने उनके करीब आकर बदसलूकी की और बाइक रोकने के लिए कहा।

ओवरटेक कर बाइक को मारी टक्कर

वही सिया ने बताया कि उन्होंने कार सवारों से दूरी बनाए रखने को कहा, लेकिन इसके बाद भी वे नहीं माने। आरोप है कि कार में मौजूद लोग नशे की हालत में लग रहे थे। कुछ देर बाद कार ने ओवरटेक करते हुए उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सड़क पर कई मीटर तक घिसटती चली गई।

बाइक कैमरे में कैद हुई पूरी घटना

इस पूरी घटना का वीडियो महिला की बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। वीडियो में कार के बाइक को टक्कर मारने और उसके बाद बाइक के सड़क पर घिसटने का दृश्य दिखाई दे रहा है। सिया ने कार का नंबर भी सोशल मीडिया पर साझा किया है। उन्होंने कार का नंबर HR30Y4949 बताया है और आरसी मालिक का नाम मनीष बताया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

गुरुग्राम पुलिस ने वीडियो के आधार पर मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button