
महानगरों में हनी ट्रैप के मामले सामने आना मामूली बात है लेकिन अब बांदा भी ऐसे मामलों से अछूता नहीं रहा है। बांदा में ब्यूटी पार्लर चलाने वाली एक महिला व उसके साथियों ने एक सर्राफा व्यवसाई को अपने हुस्न के प्रेमजाल में ऐसा फंसाया कि सर्राफा व्यवसाई ने इस गैंग के हाथों तकरीबन एक करोड़ रुपया लुटाने के बाद तंग आकर खुदकुशी कर ली लेकिन खुदकुशी से पहले पांच पन्नों का सुसाइड नोट और लूटे गये रुपयों का हिसाब लिखकर इस ख़तरनाक हसीना के गैंग का पर्दाफाश कर दिया। सुसाइड नोट, डायरी के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर हनीट्रैप गैंग लीडर को उसके एक साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया लेकिन मृतक के परिजन पुलिस कार्यवाही से संतुष्ट नहीं हैं और सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं।
गौर से देखिए इस महिला को, चेहरे से खूबसूरत और अदाओं से जलवे बिखेरने वाली इस महिला के अंदर एक खूंखार दिमाग छुपा है, जिसके जरिए यह सम्पन्न मर्दों का शिकार करती है, उनको अपने प्रेम जाल में फ़ांस लेती है और फिर इसके साथ ही उन मर्दों को ब्लैकमेल करने और उनकी तिजोरी लूटने का सिलसिला शुरू हो जाता हैं। बांदा शहर कोतवाली क्षेत्र के जरैली कोठी मोहल्ले में रहने वाली इस ख़तरनाक महिला का नाम है राहिला खान, पुलिस कस्टडी में खड़ी इस महिला के चेहरे में ना कोई शिकन है ना कोई मलाल है।
आपको बता दें कि बांदा में शीला ज्वेलर्स के मालिक शैलेश जड़िया ने एक सप्ताह पहले अपनी बगिया में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी और अपने पीछे 5 पन्नों का सुसाइड लेटर छोड़ा था। जिसमें उन्होंने लिखा है कि ब्यूटी पार्लर संचालिका राहिला खान एक बदचलन औरत है। जिसके कई मर्दों से संबंध है। कहने को तो राहिला ब्यूटी पार्लर चलाती है लेकिन ब्यूटी पार्लर की आड़ में मर्दो को पटाने का गोरखधंधा भी वह बुनती है।
शैलेश जड़िया ने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि किस तरह से राहिला खान और उसके साथी शादाब सिद्दीकी ने उनसे 40 से 50 लाख रुपए और तकरीबन आधा कुंतल चांदी ब्लैकमेल करके ऐंठे हैं आत्महत्या के 1 दिन पहले भी शैलेश को इस हुस्न की मल्लिका ने अपने ब्यूटी पार्लर बुलाया था और ₹50000 की मांग की थी। शैलेश जड़िया ने अपने सुसाइड लेटर में जिक्र किया है कि इसका साथी शादाब सिद्दीकी उसका एटीएम लेकर पैसे निकाल लेता था।
जब भी उसका मन करता था उसके पास पैसे नहीं होते थे तो वह शैलेश जड़िया को धमकाता था शैलेश के परिजनों ने बताया कि राहिला बेगम मर्दों को फसाने का एक पूरा रैकेट चलाती थी जिसमें उसका बड़ा भाई जाफर व लखनऊ वाले पति का लड़का शाहिर व शादाब सिद्दीकी सहित अन्य लोग भी शामिल थे यह लोग शहर में आधा दर्जन लोगों को फंसा चुके हैं पुलिस द्वारा कोर्ट में पेश किए जाने के दौरान राहिला बेगम के तेवर ठंडे नहीं हुए बल्कि वह यहां भी पुलिस वालों व मीडिया कर्मियों को अपनी अकड़ दिखाती रही। मृतक शैलेश के भाई की मानें तो राहिला तीन शादियां कर चुकी है। इसका एक पति लखनऊ में है जिस से तलाक हो चुका है दूसरा कर्वी में पुलिस में है जिस से तलाक हो चुका है और एक पति का पता नहीं है।
शैलेश जड़िया के भाई इंद्रेश जड़िया ने बताया कि उनके भाई डायरी में पूरा हिसाब किताब लिख कर गए हैं कि किस तरह से उन्होंने राहिला खान के लिए एसी चांदी व अन्य में खर्च किया है। फिलहाल तो पुलिस ने इस खूंखार हसीना व उसके साथी को जेल भेज दिया है लेकिन अभी बहुत से राज हैं जिन से पर्दा उठना बाकी है आखिर राहिला खान गैंग ने कितने मर्दो को अपना शिकार बनाया है मृतक शैलेश जड़िया ने 4 लोगों का नाम अपने सुसाइड लेटर में लिखा है जिनको राहिला अपना शिकार बना चुकी है ।
वहीं मृतक शैलेश के परिजनों का कहना है कि पुलिस ने दोनों पर आत्महत्या के लिए उकसाने और ब्लैकमेल करने की धाराएं लगाई हैं जो कि ना काफी है क्योंकि ये दोनों गैंग बनाकर शहर के प्रतिष्ठित लोगों को ब्लैकमेल करते थे जिसके राज विस्तृत तहकीकात से खुल सकते हैं जो कि पुलिस ने नहीं किया, मृतक के भाई ने पुलिस पर इस हनीट्रैप रैकेट से लाभान्वित होते के गंभीर आरोप भी लगाये हैं।
आरोपी राहिला खान के घर और ब्यूटी पार्लर की तलाशी लेने पर कई वीडियो क्लिप मिल सकती थी जिसकी छानबीन अभी नहीं की गई है आखिर कितने लोग इस गैंग के शिकार हुए हैं जो समाज के डर के मारे सामने नहीं आ रहे हैं, क्या शैलेश की मौत के जिम्मेदार व अन्य कई लोगों को ठगने वाले सिर्फ दो लोग हैं या यह कोई बहुत बड़ा गैंग है जो लखनऊ से लेकर दिल्ली तक फैला हुआ है इन तमाम सवालों के जवाब पाने के लिए शैलेश का परिवार सीबीआई जांच की मांग कर रहा है।
वहीं इस मामले में एसपी अभिनंदन का कहना है कि मामले में मुख्य आरोपी महिला और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया गया है और सभी की सीडीआर समेत अन्य माध्यमों से जांच की जा रही है और इससे जुड़े हर पहलू पर जांच जारी है और जांच के आधार पर कार्यवाही का दायरा बढ़ाया जायेगा।








