सोनीपत में खौफनाक वारदात ! पत्नी पर गोली चलाने वाले पति ने साले के तोड़े हाथ-पैर , केस वापस लेने का बनाया दबाव

सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां अपनी पत्नी के साथ मारपीट करने और उस पर जानलेवा हमला करने वाले एक सिरफिरे पति ने अब अपने साले पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने पीड़ित को कार से टक्कर मारने के बाद लोहे की पाइप और डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसके हाथ और पैर में गंभीर फ्रैक्चर आ गया है। यह पूरी वारदात पुराना केस वापस लेने का दबाव बनाने को लेकर अंजाम दी गई है। थाना शहर सोनीपत पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नामजद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पत्नी 3-4 साल से अपने मायके में रह रही

जानकारी के मुताबिक, देवीलाल कॉलोनी निवासी पीड़ित अजय ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन की शादी करीब 7 साल पहले गांव जागसी के राहुल के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही राहुल उसकी बहन को बुरी तरह प्रताड़ित करता था, जिससे तंग आकर वह पिछले 3-4 साल से अपने मायके में रह रही है। साल 2022 में राहुल ने अपनी पत्नी की हत्या की नीयत से उस पर फायरिंग भी की थी, जिसका मुकदमा शहर थाने में दर्ज है। इसी रंजिश में राहुल के भाई रोहित ने 10 जून को इंस्टाग्राम पर अजय और उसकी बहन को जान से मारने की धमकी दी थी।

लोहे की पाइप व डंडों से अजय पर किया हमला

इसके बाद 16 जून की शाम को जब अजय स्कूटी से दूध सप्लाई करने जा रहा था, तब सेक्टर-23 चौकी रोड पर एक सफेद स्विफ्ट कार ने उसे टक्कर मार दी। कार से राहुल, उसका भाई रोहित, संजीव, सचिन और एक अन्य युवक नीचे उतरे और लोहे की पाइप व डंडों से अजय पर टूट पड़े। शोर मचाने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

Related Articles

Back to top button