
डेस्क : केरल के त्रिशूर जिले में आधी रात के करीब हुए दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। हादसा कैपामंगलम इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग पर पनामबिकुन्नु सेंटर के पास हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक कार सड़क किनारे खड़ी माल ढोने वाली लॉरी के पिछले हिस्से से जा टकराई।
बता दे कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए वाहन को काटकर खोलना पड़ा। राहत और बचाव टीमों ने मौके पर पहुंचकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की।
वही प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में सवार लोग तमिलनाडु के डिंडीगुल स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र बताए जा रहे हैं। हालांकि, मृतकों की पहचान और हादसे की पूरी परिस्थितियों को लेकर अभी आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।केरल पुलिस के अनुसार, मामले में अभी और जानकारी की प्रतीक्षा है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कार खड़ी लॉरी से किन परिस्थितियों में टकराई।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे की सूचना संबंधित अधिकारियों और मृतकों के परिजनों तक पहुंचाने की प्रक्रिया भी जारी है।









