
लखनऊ. कोरोना का नया वैरिएंट एक बार फिर तेजी से पैर पसारने लगा है। COVID-19 के नए स्ट्रेन JN.1 का भारत के कई राज्यों में प्रसार चिंता का विषय बना हुआ है। केंद्र सरकार ने कोरोना के रोकथाम के लिए गाइडलाइन जारी कर दी है। फिलहाल भारत में अभी कोविड-19 पूरी तरह से नियंत्रण में है। हालांकि, तेलंगाना, केरल और कर्नाटक समेत देशभर के राज्यों को अलर्ट पर रखा गया है। भारत में मंगलवार तक सक्रिय केस 1,970 है।
कोरोना अपना रूप बदलने में माहिर
केजीएमयू के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ सूर्यकांत ने कहा कोरोना अपना रूप बदलने में माहिर है। ऐेसे में लोगों को कोविड गाइडलाइन का पालन करें। कोरोना के नए वैरिएंट से बिल्कुल भी डरने की जरुरत नहीं है। उन्होंने कहा कोरोना के नए वेरिएंट का पहला केस केरल में मिला है। पहले भी कोविड का पहला केस केरल में ही मिला था। नए वेरिएंट से मौत का खतरा नहीं है। कोविड के नए वैरिएंट से बच्चे, बीमार और बुजुर्ग का विशेष ध्यान देंने की जरुरत है। हम सावधान रहकर इसका संक्रमण रोक सकते हैं। कोरोना से बचाव करना हमारे हाथ में है।
मास्क का प्रयोग जरूर करें- डॉ सूर्यकांत
डॉ सूर्यकांत ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कोविड के नए वैरिएंट से सतर्क और सावधान रहेंगे तो बचे रहेंगे। हाथ धोते रहिए, किसी से हाथ मिलाइये नहीं। भीड़ में जाते समय मास्क का प्रयोग जरूर करें। नियमित रूप से योग करें, इम्युनिटी बनी रहेगी। नए वेरिएंट की संक्रमण क्षमता है लेकिन मारक नहीं है। हम खुद का ध्यान रखेंगे तो कुछ नहीं होगा।
जिन्होंने टीका लगा रखा है, वे सुरक्षित हैं।









