
रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बीच यूक्रेन ने रूस के रोस्तोव इलाके में एक रूसी डिफेंस एंटरप्राइज को निशाना बनाने का दावा किया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी।
जेलेंस्की के मुताबिक, यूक्रेन की लॉन्ग-रेंज क्षमताओं के जरिए रोस्तोव क्षेत्र में स्थित कामेंस्की कंबाइन को निशाना बनाया गया। उन्होंने दावा किया कि यह संस्थान मिसाइल उत्पादन से जुड़ा हुआ है। इसके अलावा पैंटसिर-S2 एयर डिफेंस सिस्टम और S-400 ट्रायम्फ सिस्टम के एक कमांड एंड स्टाफ वाहन को भी निशाना बनाया गया। जेलेंस्की ने इन एयर डिफेंस संपत्तियों की कुल कीमत करीब 70 मिलियन अमेरिकी डॉलर बताई।
उन्होंने यूक्रेन की सुरक्षा सेवा और रक्षा बलों की तारीफ करते हुए कहा कि यूक्रेन रूसी हमलों के खिलाफ अपना बचाव कर रहा है और रूस की हमले जारी रखने की क्षमता को कमजोर करने के प्रयास कर रहा है।
यूक्रेन के चार क्षेत्रों में रूसी हमले का दावा
जेलेंस्की ने एक अन्य पोस्ट में दावा किया कि रूस ने यूक्रेन के ऊर्जा बुनियादी ढांचे को चार क्षेत्रों में निशाना बनाया है। इनमें नीप्रो, विन्नित्सिया, ज़ाइटॉमिर और खमेलनित्सकी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि रूसी हमलों में बिजली सबस्टेशन, ट्रांसफॉर्मर और बिजली की लाइनों को निशाना बनाया गया। इससे लाखों परिवारों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। जेलेंस्की के मुताबिक, मरम्मत टीमें प्रभावित इलाकों में बिजली बहाल करने के लिए काम कर रही हैं।
एक सप्ताह में 1,940 ड्रोन और 44 मिसाइलें दागने का दावा
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने दावा किया कि पिछले एक सप्ताह में रूस ने यूक्रेन के खिलाफ 1,940 अटैक ड्रोन, 1,580 से अधिक गाइडेड एरियल बम और अलग-अलग प्रकार की 44 मिसाइलें दागीं। इनमें 36 बैलिस्टिक मिसाइलें शामिल थीं।
जेलेंस्की ने कहा कि रूस लगातार यूक्रेन के ऊर्जा और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बना रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रूस बैलिस्टिक मिसाइलों से बचाव करने वाले इंटरसेप्टर की कमी का फायदा उठाने की कोशिश कर रहा है।
पैट्रियट मिसाइलों की जल्द डिलीवरी की अपील
जेलेंस्की ने अमेरिका और यूरोपीय देशों से यूक्रेन को अतिरिक्त एयर डिफेंस सहायता जल्द उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि रूस सर्दियों के दौरान बैलिस्टिक मिसाइलों के जरिए हमले तेज करने की तैयारी कर रहा है, ऐसे में रक्षा प्रणालियों की आपूर्ति में देरी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि अमेरिका और यूरोपीय देशों ने यूक्रेन के लिए अतिरिक्त सहायता पैकेज को लेकर नए फैसले किए हैं। अमेरिका से यूक्रेन को 500 PAC-3 इंटरसेप्टर मिलने वाले हैं। जेलेंस्की ने कहा कि इनकी डिलीवरी में सालों नहीं लगने चाहिए।
पुतिन ने जेलेंस्की से बातचीत से कभी इनकार नहीं किया: उशाकोव
इस बीच, रूस और यूक्रेन के बीच बातचीत की संभावनाओं को लेकर क्रेमलिन के सहयोगी यूरी उशाकोव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कभी भी जेलेंस्की से बातचीत करने से इनकार नहीं किया।
रूसी मीडिया आउटलेट वेस्टी से बातचीत में उशाकोव ने कहा कि अगर जेलेंस्की फोन करते हैं तो पुतिन उनका जवाब जरूर देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अगर जेलेंस्की वास्तव में बातचीत करना चाहते हैं तो वह मॉस्को आ सकते हैं।
रूस और यूक्रेन के बीच जारी सैन्य संघर्ष के बीच इन बयानों को दोनों देशों के बीच संभावित बातचीत के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।









