
रियलिटी शो ‘राइज़ एंड फ़ॉल सीज़न 2’ में शहज़ाद पूनावाला और सिवेट तोमर के बीच हुई हाथापाई के बाद सिवेट तोमर ने पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। शो से बाहर किए जाने के बाद सिवेट ने सोशल मीडिया पर वीडियो स्टेटमेंट जारी कर घटना का अपना पक्ष बताया। उन्होंने शहज़ाद पर पीछे से हमला करने के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने सिर्फ उनका कॉलर पकड़ा था।
शहज़ाद पर पीछे से हमला करने से किया इनकार
सिवेट तोमर ने कहा कि वह पहले से ही शहज़ाद की तरफ बढ़ रहे थे और इसी दौरान शहज़ाद मुड़ गए, जिसके बाद दोनों आमने-सामने आ गए। उन्होंने पीछे से हमला करने के दावों को गलत बताया।
सिवेट के मुताबिक, अगले कट में दोनों आमने-सामने दिखाई देते हैं और उन्होंने शहज़ाद का कॉलर पकड़ा हुआ था। उन्होंने कहा कि उस दौरान वह करीब पांच सेकंड तक शहज़ाद के साथ रहे और अगर उनका इरादा मारपीट करने का होता तो वह वहीं उन्हें पीट सकते थे।
‘जब तक सच्ची माफी नहीं मिलेगी, बात नहीं करूंगा’
सिवेट ने सोशल मीडिया पर एक अलग पोस्ट भी शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपने फैसले पर कायम रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि वह तब तक किसी ऐसे व्यक्ति से बात नहीं करेंगे, जिसने उनके साथ गलत किया हो, जब तक उनसे सच्ची माफी नहीं मांगी जाती। उन्होंने इसे ईगो नहीं बल्कि अपनी सीमा बताते हुए कहा कि अगर दूसरे लोग उनसे सहमत नहीं हैं, तब भी वह अपना स्टैंड नहीं बदलेंगे।
‘मैं पीछे नहीं हटूंगा’
सिवेट ने कहा कि वह इसलिए पीछे नहीं हटेंगे क्योंकि हर कोई उनके खिलाफ खड़ा है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वह अकेले भी अपनी बात पर कायम रहेंगे। सिवेट ने अपने बयान में कहा, “मेरे लिए, एक बात तो एक बात है। धरती बहादुरों की है।”
‘Ultimate Ruler’ टास्क के दौरान हुआ विवाद
यह विवाद ‘राइज़ एंड फ़ॉल सीज़न 2’ के तीसरे एपिसोड के दौरान हुआ। जानकारी के मुताबिक, शो का यह एपिसोड 26 सितंबर को प्राइम वीडियो और अमेज़न MX प्लेयर पर प्रसारित हुआ था।
‘अल्टीमेट रूलर’ टास्क के दौरान शहज़ाद पूनावाला और सिवेट तोमर के बीच चर्चा के दौरान बहस बढ़ गई। इसके बाद दोनों के बीच हाथापाई हो गई, जिसमें शहज़ाद की शर्ट फट गई।
मेकर्स ने सिवेट को शो से किया बाहर
घटना की समीक्षा के बाद शो के मेकर्स ने सिवेट तोमर को प्रतियोगिता से बाहर करने का फैसला किया। शो से बाहर होने के बाद सिवेट ने सोशल मीडिया के जरिए घटना को लेकर अपना पक्ष सामने रखा है।









