
उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में एक पुलिस सिपाही का अनोखा इस्तीफा पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। रामनगर थाने में तैनात सिपाही देवगन चौहान ने लगातार ड्यूटी और काम के दबाव से परेशान होकर थाने के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में अपना इस्तीफा पत्र पोस्ट कर दिया, जिसकी भाषा और सामग्री अब प्रशासनिक गलियारों से लेकर आम जनता के बीच भारी चर्चा का विषय बनी हुई है।
सिपाही ने अपने प्रार्थना पत्र में लिखा—”मेरे अंदर किसी विशिष्ट मानव जैसी कोई अलौकिक शक्तियां मौजूद नहीं हैं कि मैं हफ्ते के 7 दिन और 24 घंटे लगातार काम कर सकूं। शारीरिक और मानसिक सीमा के कारण मैं स्वेच्छा से इस पद से कार्यमुक्त होना चाहता हूं।”
जानकारी के मुताबिक, सिपाही की ड्यूटी लगातार किसी मरीज की सुरक्षा और देखरेख में लगाई जा रही थी, जिससे वह अत्यधिक मानसिक तनाव का सामना कर रहा था। सिपाही द्वारा व्हाट्सएप ग्रुप में यह त्यागपत्र डालते ही पुलिस अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों ने तुरंत सिपाही देवगन चौहान को बुलाकर बातचीत की और उसकी समस्याओं को सुनकर समझाया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद सिपाही ने व्हाट्सएप ग्रुप से अपना इस्तीफा पत्र डिलीट कर दिया और अपना इस्तीफा भी वापस ले लिया। हालांकि, पुलिस महकमे की 24 घंटे की ड्यूटी और तनाव को उजागर करता यह पत्र अब चर्चा में है।









