
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कथित शराब घोटाले में जमानत मिल चुकी है। इस बीच पार्टी के लिए चुनाव प्रचार में इस बार उनके तेवर अलग ही दिखाई दे रहे हैं। शनिवार यानी 11 मई को AAP दफ्तर में मीडिया से बातचीत करते हुए CM केजरीवाल ने प्रधानमंत्री पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने PM Modi पर बड़ा आरोप लगते हुए कहा कि, “प्रधानमंत्री मोदी एक खतरनाक मिशन पर काम कर रहे हैं। अगर ये चुनाव जीत गए तो दो महीने के अंदर में उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बदल देंगे।”
दरअसल, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ये सब कुछ आज सुबह आम आदमी पार्टी के दफ्तर में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा है। इस प्रेस वार्ता में मीडिया तथा समर्थकों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, “PM मोदी एक बहुत ही खतरनाक मिशन पर काम कर रहे हैं। जिसका नाम है One Nation One Leader… मोदी देश के सारे नेताओं को खत्म करना चाहते हैं… वो इस मिशन को दो स्तर पर चला रहे हैं…. जितने भी विपक्षी नेता हैं वो उन सभी को जेल… बीजेपी के सारे नेताओं को निपटा देंगे…. अगर ये चुनाव जीत गए तो चाहे ममता हों या, स्टालिन, उद्धव सब जेल में होंगे। इन्होंने आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी जैसे नेताओं का करियर खत्म कर दिया। मुझसे लिखकर ले लो सब..अगर वो एक बार फिर चुनाव जीते तो दो महीने के अंदर में उत्तर प्रदेश का CM बदल देंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि, “हमारे इस देश में बदलाव का दौर चल रहा है। मैंने आम जनता, लोगों, राजनीतिक विशेषज्ञों से सभी से बात की है। मेरा आकलन है कि 4 जून के बाद बीजेपी सरकार नहीं आएगी।”









