
भारत में रमजान के महीने का समापन होने के साथ ही ईद का त्योहार धूमधाम से मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली, अध्यक्ष इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के मुताबिक, 19 मार्च को ईद का चांद देखा जाएगा और यह संभावना जताई जा रही है कि इस साल ईद का त्योहार 21 मार्च को मनाया जाएगा।
बता दें, मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने कहा कि ईद की नमाज का महत्व सिर्फ धार्मिक दृष्टिकोण से नहीं, बल्कि सामाजिक और मानसिक शांति की दृष्टि से भी है। उन्होंने बताया कि इस विशेष दिन पर मस्जिदों में न केवल देश में अमन और शांति की दुआ की जाएगी, बल्कि पूरी दुनिया में चल रहे युद्धों और संघर्षों को देखते हुए वैश्विक शांति के लिए भी विशेष दुआ की जाएगी।
उन्होंने कहा कि रमजान का महीना हमें संयम और शांति का संदेश देता है, और ईद का दिन उन प्रयासों को समर्पित होता है, जो समाज में प्यार और भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए किए जाते हैं।
ईद की नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोग एक-दूसरे से गले मिलते हैं और खुशी का आदान-प्रदान करते हैं। इस दिन को लेकर देशभर में विशेष धार्मिक आयोजनों की तैयारी जोरों पर है।









