‘अगर 100% पेट्रोल चाहिए तो देनी होगी ज्यादा कीमत’, E20 विवाद पर बोले नितिन गडकरी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने E20 पेट्रोल और इथेनॉल फ्यूल को लेकर चल रहे विवाद पर अपनी सफाई दी है। उन्होंने कहा कि इथेनॉल फ्यूल को बढ़ावा देने में उनका कोई निजी हित नहीं है। गडकरी ने कहा कि वह हमेशा से वैकल्पिक ईंधन के समर्थक रहे हैं और केवल इथेनॉल ही नहीं, बल्कि थनॉल, हाइड्रोजन और इलेक्ट्रिक वाहनों जैसे अन्य विकल्पों को भी बढ़ावा देते हैं।

नितिन गडकरी ने E20 पेट्रोल को लेकर कहा कि जिन लोगों को E20 पेट्रोल नहीं चाहिए, वे 100 फीसदी पेट्रोल खरीद सकते हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें ज्यादा कीमत चुकानी होगी। उन्होंने कहा कि E85 की कीमत E20 से भी कम है और दुनिया के कई देश बायोफ्यूल की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

इथेनॉल विवाद पर गडकरी ने दी सफाई

गडकरी ने अपने बेटों के बिजनेस को लेकर उठ रहे सवालों पर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उनके बेटों के बिजनेस में इथेनॉल का हिस्सा बेहद कम है और इसका कमाई पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ता। उन्होंने बताया कि इस बिजनेस पर 1600 करोड़ रुपये का कर्ज भी था।

एक अंग्रेजी समाचार पत्र से बातचीत में गडकरी ने कहा कि उनके परिवार के पास चीनी मिल पहले से है और उस बिजनेस को उनके बेटे चलाते हैं। उन्होंने कहा कि इथेनॉल ब्लेंडिंग प्रोग्राम पेट्रोलियम मंत्रालय चलाता है और इसमें उनकी कोई भूमिका नहीं है।

बेटों के बिजनेस में इथेनॉल की हिस्सेदारी 10 फीसदी

नितिन गडकरी ने कहा कि उनके बेटों के बिजनेस में इथेनॉल की हिस्सेदारी केवल 10 फीसदी है। वहीं, देश के कुल इथेनॉल बिजनेस में उनके बेटों की फैक्ट्रियों की हिस्सेदारी 0.5 फीसदी से भी कम है। उन्होंने कहा कि इस मामले में गलत बातें फैलाई जा रही हैं।

वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देने की बात कही

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत कच्चे तेल का बड़ा आयातक है, इसलिए वैकल्पिक ईंधन जरूरी है। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ गन्ने से बनने वाले इथेनॉल की वकालत नहीं करते हैं। इथेनॉल मक्का, पराली, बांस और चावल से भी बनाया जा रहा है।

उन्होंने ब्राजील का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां दशकों से इथेनॉल का इस्तेमाल किया जा रहा है और कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई है। गडकरी ने कहा कि पश्चिम एशियाई देशों और अमेरिका के पास पर्याप्त तेल है, जबकि इंडोनेशिया और थाईलैंड भी बायोफ्यूल की ओर बढ़ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button