
उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के दाल वाले बयान के बाद सियासत गर्मा गई है। दरअसल, यूपी कांग्रेस मुख्यालय के बाहर कांग्रेस नेताओं ने कृषि मंत्री के खिलाफ हमला बोलते हुए होर्डिंग लगाई है। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने लिखा कि अगर सस्ती दाल लेना है तो कृषि मंत्री से संपर्क करें। बता दें यह होर्डिंग उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष शरद शुक्ला ने लगाया है।
कृषि मंत्री ने बताया था दाल का भाव
गौरतलब है कि बीते दिनों योगी सरकार में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब उनसे महंगाई पर सवाल पूछा जा रहा था तो उन्होंने कहा कि राज्य में दाल का भाव 100 रूपए से ज्यादा नहीं है। इसी बयान को लेकर कांग्रेस नेता मुखर हो गए और मंत्री के खिलाफ यूपी कांग्रेस मुख्यालय के बाहर युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष शरद शुक्ला ने होर्डिंग लगाई।
दरअसल, महंगाई के मुद्दे को लेकर विपक्षी पार्टियां लगातार सत्तारूढ़ पार्टी बीजेपी को घेरे में ले रही हैं। इसी बीच कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के दाल के भाव को लेकर दिए गए बयान ने सियासत तेज कर दी है।









