बीमारी या कोई और रहस्य.., चार दिन के भीतर एक ही परिवार के तीन बच्चों की संदिग्ध मौत, गांव में मचा हड़कंप

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र के खंडसरा गांव में एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की चार दिनों के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तीनों बच्चों को पहले हल्का बुखार आया और इसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों का दावा है कि मौत के समय बच्चों की नाक और मुंह से खून निकला था। लगातार हुई इन मौतों से गांव में सनसनी फैल गई है।

तीन बच्चों की मौत से परिवार में मातम

जानकारी के मुताबिक, आशीष कुमार के तीन बच्चों की अलग-अलग दिनों में मौत हुई। सबसे पहले 9 नवंबर को उनके तीन वर्षीय बेटे दिव्यांश की तबीयत खेलते समय अचानक बिगड़ गई। हल्का बुखार आने के बाद परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

इसके अगले दिन यानी 10 नवंबर को सात वर्षीय बेटे कार्तिक की भी तबीयत अचानक खराब हुई और उसकी जान चली गई। लगातार दो बच्चों की मौत के बाद परिजनों ने बिना पुलिस या चिकित्सकीय जांच के दोनों को दफना दिया।

वहीं, 10 नवंबर की रात परिवार की 10 वर्षीय बेटी लक्ष्मी को बुखार और पेट दर्द की शिकायत हुई। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे दुबग्गा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां गुरुवार सुबह इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

तीसरी बच्ची की रिपोर्ट में गंभीर निमोनिया की पुष्टि

तीसरे बच्चे की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गुरुवार को गांव पहुंची। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीएन यादव, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. निशांत निर्वाण, पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. अतुल वर्मा और सीएचसी माल के अधीक्षक डॉ. धनंजय कुशवाहा ने गांव का निरीक्षण किया।

अधिकारियों के मुताबिक, मृतक बच्ची लक्ष्मी की ब्लड रिपोर्ट में टाइफाइड, डेंगू और मलेरिया की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, छाती के एक्स-रे में दोनों फेफड़ों में गंभीर निमोनिया के लक्षण मिले हैं।

फूड पॉइजनिंग की भी आशंका, जांच के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह

स्वास्थ्य विभाग ने शुरुआती निरीक्षण के दौरान फूड पॉइजनिंग की आशंका भी जताई है। हालांकि, सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है कि बच्चों की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया तीसरी बच्ची का शव

मलिहाबाद इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी के मुताबिक, परिजनों ने तीनों बच्चों की मौत का तरीका एक जैसा बताया है। फिलहाल परिवार की ओर से किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है।

Related Articles

Back to top button