
हमीरपुर: कुरारा थाना क्षेत्र में एक युवक ने बुधवार को जहरीला खाना खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। युवक ने जहर खाने से पहले वीडियो बनाकर अपनी कहानी बताई। वीडियो में उसने पुलिस की मदद नहीं करने की बात कही।
जानकारी के मुताबिक, कुरारा थाना क्षेत्र के बेरी चौकी के ककरऊ गांव में दीपू सिंह ने जहरीला खाना खा लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई, घरवाले उसे इलाज के लिए उरई मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कुछ लोगों ने उसे रोककर मारपीट की
मृतक ने मौत से पहले बनाए गए वीडियो में बताया कि वह रास्ते में घर लौट रहा था, तभी कुछ लोगों ने उसे रोककर मारपीट की। उसने आरोप लगाया कि उसने मदद के लिए पुलिस प्रशासन और एसपी को फोन किया, लेकिन उसे कोई मदद नहीं मिली। इस घटना से उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है। वह जिला मजिस्ट्रेट से भी मामले का संज्ञान लेकर कार्रवाई करने की मांग कर रहा है। वहीं, घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस का बयान
वही इस मामले पर कुरारा थाना इंचार्ज ब्रजेश ने बताया कि मृतक के जहर खाने की सूचना मिली है। शव का पोस्टमार्टम उरई मेडिकल कॉलेज में कराया जा रहा है। पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप निराधार है। तहरीर मिल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









