
मुरादाबाद : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक परिवार तबाह हो गया। कटघर थाना क्षेत्र में रामगंगा पुल के पास एक रोडवेज बस ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी, जिसमें तीन साल के मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि परिवार का मुखिया गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में चीख-पुकार भी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान दो महिलाओं की मौत हो गई। घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
तेज रफ्तार बस ने टक्कर मारी
जानकारी के मुताबिक, संभल के रहने वाले जुनैद अपनी पत्नी सिमरन, बहन मंशा और तीन साल के बेटे के साथ बाइक से मुरादाबाद जा रहे थे। रामगंगा पुल के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीन साल के बच्चे की मौत
हादसे के बाद आस-पास के लोगों ने पुलिस को खबर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल भेजा। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने तीन साल के बच्चे को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल सिमरन और मंशा की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना में घायल जुनैद की हालत नाजुक है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की एक टीम लगातार उस पर नज़र रख रही है।
मृतका गर्भवती थी, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक सिमरन के रिश्तेदार मोहम्मद नबी ने बताया कि वह प्रेग्नेंट थी। इस परिवार के तीन सदस्यों की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। अस्पताल में परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद बस ड्राइवर गाड़ी छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपी ड्राइवर की तलाश कर रही है।









