
टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 के निर्णायक मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए इस अहम मैच में जीत के हीरो संजू सैमसन रहे, जिन्होंने दबाव भरे मुकाबले में मैच विनिंग पारी खेलकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। अब 5 मार्च को भारत का सामना दूसरे सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से होगा।
बता दें, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाए। टीम को शाई होप और रोस्टन चेज की नई ओपनिंग जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी हुई।
वहीं, वरुण चक्रवर्ती ने होप (32) को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने 12वें ओवर में दो बड़े झटके दिए। उन्होंने शिमरोन हेटमायर (27) और रोस्टन चेज (40) को आउट कर मैच में भारत की वापसी कराई।
अंतिम ओवरों में रोवमैन पॉवेल (34) और जेसन होल्डर (37) ने तेजी से रन जोड़े और टीम को 195 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
बता दें, 196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अभिषेक शर्मा (10) और ईशान किशन (10) जल्दी आउट हो गए। इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने संजू सैमसन का साथ दिया।
संजू ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और मैदान के चारों ओर शानदार शॉट लगाए। उन्होंने सिर्फ 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। 10 ओवर के बाद भारत का स्कोर 98/2 था।
हालांकि 11वें ओवर में सूर्यकुमार यादव (18) आउट हो गए, लेकिन संजू ने पारी को संभाले रखा। तिलक वर्मा (27) के साथ उनकी 42 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। हार्दिक पांड्या 17 रन बनाकर आउट हुए, जिससे मुकाबला रोमांचक हो गया।
वहीं, दबाव के बीच संजू सैमसन ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया। भारतीय टीम ने 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ वेस्टइंडीज का टूर्नामेंट से सफर समाप्त हो गया, जबकि भारत ने दमदार अंदाज में सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया। अब सबकी नजरें 5 मार्च को होने वाले भारत बनाम न्यूजीलैंड मुकाबले पर टिकी हैं।









