दूसरे साल भी भारत बना दुनिया का सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर बाजार, 2024 में बिक्री में 20% की बढ़ोतरी

भारत लगातार दूसरे साल दुनिया का सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर (3W) बाजार बना हुआ है। इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) की ‘ग्लोबल ईवी आउटलुक 2025’ रिपोर्ट के अनुसार, 2024 में भारत में इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर्स की बिक्री करीब 20% बढ़कर 7 लाख तक पहुंच गई।

रिपोर्ट में बताया गया कि भले ही वैश्विक थ्री-व्हीलर बाजार 5% घट गया हो, लेकिन इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर्स की बिक्री 10% से अधिक बढ़कर पहली बार 10 लाख से अधिक पहुंच गई। 2024 में यह कुल थ्री-व्हीलर बिक्री का लगभग 25% हिस्सा रही, जो 2023 में 20% था।

भारत और चीन मिलकर पारंपरिक और इलेक्ट्रिक दोनों तरह के थ्री-व्हीलर बाजार में 90% से अधिक की हिस्सेदारी रखते हैं। हालांकि, चीन में इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर की हिस्सेदारी बीते तीन वर्षों से 15% से नीचे बनी हुई है। इसके विपरीत, भारत ने 2023 में चीन को पीछे छोड़ते हुए दुनिया का सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर बाजार बन गया था और 2024 में इस बढ़त को और मजबूत किया। 2024 में भारत में इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर की बिक्री हिस्सेदारी रिकॉर्ड 57% पहुंच गई, जो पिछले साल की तुलना में 3% अधिक है।

IEA ने कहा कि यह रुझान आगे भी जारी रहने की उम्मीद है क्योंकि सरकार ने PM ई-DRIVE योजना के तहत 2024 में 3 लाख से अधिक व्यावसायिक इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर्स के लिए बजट आवंटित किया है।

रिपोर्ट के अनुसार, भारत, चीन और दक्षिण-पूर्व एशिया अब भी दुनिया के सबसे बड़े 2W/3W बाजार हैं। 2024 में भारत का इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार भी तेजी से बढ़ा, जहां 220 से अधिक कंपनियां सक्रिय थीं और इनमें से चार कंपनियों ने कुल बिक्री का 80% हिस्सा साझा किया। 2024 में भारत में 13 लाख इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बिके, जो कुल 2W बाजार का 6% था।

Related Articles

Back to top button