
पेरिस; भारतीय त्रि-सेवा दल के जवान इन दिनों फ्रांस की राजधानी पेरिस में परेड रिहर्सल कर रहे हैं. दरअसल, भारतीय सेना ने यह अभ्यास 14 जुलाई को बैस्टिल दिवस परेड के लिए किया है. फ्रांस में हर साल 14 जुलाई को बैस्टिल दिवस मनाया जाता है. भारतीय सैन्य दल ने ‘सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा’ की धुन पर परेड अभ्यास कर समा बांध दिया.
#WATCH पेरिस: भारतीय त्रि-सेवा दल ने 14 जुलाई को बैस्टिल दिवस परेड के लिए फ्रांस में अभ्यास सत्र आयोजित किया।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 12, 2023
सैन्य दल ने 'सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा' की धुन पर मार्च अभ्यास किया।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के निमंत्रण पर, पीएम मोदी 14 जुलाई को फ्रांस के… pic.twitter.com/vAZtui5BEB
परेड के विषय में भारतीय नौसेना के कमांडर प्रतीक कुमार ने कहा कि “यह न केवल सशस्त्र बलों के लिए बल्कि भारत के पूरे लोगों के लिए एक महान क्षण हैं. हम फ्रांसीसी सरकार के प्रतिष्ठित कार्यक्रम बैस्टिल डे में प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है. खुशी है कि हम यहां एक त्रि-स्तरीय कार्यक्रम के हिस्से के रूप में हैं. इस त्रि-सेवा दल में थल सेना, नौसेना और वायु सेना की टुकड़ी है.
बता दें कि 14 जुलाई को बैस्टिल डे के दौरान पेरिस में फ्रांसीसी पारंपरिक सैन्य परेड आयोजित की जाती है. पीएम मोदी की फ्रांस यात्रा, फ्रांस और भारत के बीच “रणनीतिक साझेदारी” की 25 वीं वर्षगांठ के साथ होगी.
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13-15 जुलाई तक फ्रांस और संयुक्त अरब अमीरात की आधिकारिक यात्रा रहेंगे. फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के आमंत्रण पर पीएम मोदी 13-14 जुलाई तक पेरिस का दौरा करेंगे. प्रधानमंत्री 14 जुलाई 2023 को बैस्टिल डे परेड में सम्मानित अतिथि होंगे. जहां त्रि-सेवा भारतीय सशस्त्र बलों की टुकड़ी भाग लेगी. इसके बाद पीएम वहां से 15 जुलाई को अबू धाबी के लिए रवाना होंगे.









