
नई दिल्ली: भारतीय मोटरस्पोर्ट के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। मशहूर भारतीय रैली ड्राइवर नवीन पुलिगिला और अनुभवी को-ड्राइवर मूसा शरीफ FIA वर्ल्ड रैली चैंपियनशिप (WRC) के तीसरे राउंड, WRC सफारी रैली केन्या 2026 में हिस्सा लेने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इस प्रतिष्ठित और चुनौतीपूर्ण रैली में दोनों का लक्ष्य WRC3 कैटेगरी में एक बार फिर पोडियम फिनिश हासिल करना है।
बता दें, यह भारतीय जोड़ी 12 से 15 मार्च तक केन्या के नैवाशा क्षेत्र में होने वाली इस कठिन रैली में लगातार तीसरी बार हिस्सा लेगी। इससे पहले दोनों ने नवंबर 2025 में WRC रैली सऊदी अरब में अपनी क्लास में शानदार प्रदर्शन करते हुए पोडियम फिनिश हासिल किया था। उस उपलब्धि के साथ वे किसी भी WRC कैटेगरी में पोडियम हासिल करने वाली पहली भारतीय जोड़ी बन गए थे।
बता दें, हाल ही में नासिक रैली में जीत हासिल कर 3T क्लास नेशनल चैंपियनशिप का खिताब जीतने के बाद नवीन पुलिगिला अब WRC3 कैटेगरी में अपनी चुनौती पेश करेंगे। इस रैली में वे अफ्रीका इको स्पोर्ट्स नैरोबी द्वारा तैयार की गई फोर्ड फिएस्टा रैली 3 कार चलाएंगे। वहीं उनके साथ अनुभवी को-ड्राइवर मूसा शरीफ एक बार फिर पेस नोट्स संभालेंगे। मूसा शरीफ को रैली स्पोर्ट्स का 33 साल से अधिक का अनुभव है।
पिछले साल अफ्रीका के कठिन इलाकों में रैली का अनुभव हासिल करने के बाद यह जोड़ी इस बार बेहतर तैयारी और स्पष्ट लक्ष्य के साथ लौट रही है। सफारी रैली को दुनिया की सबसे कठिन रैलियों में से एक माना जाता है, जहां धूल भरे रास्ते, बड़े पत्थर और अचानक सामने आने वाले जंगली जानवर रेस को बेहद चुनौतीपूर्ण बना देते हैं।
बता दें, नवीन पुलिगिला ने इस रैली को लेकर कहा कि सफारी रैली इंसान और मशीन दोनों की असली परीक्षा होती है। उन्होंने कहा कि पिछली बार के अनुभव ने उन्हें धैर्य और रणनीति का महत्व समझाया है। उनके मुताबिक फोर्ड फिएस्टा रैली3 कार और नैरोबी में स्थानीय टीम की विशेषज्ञता उन्हें इस रैली में अच्छा प्रदर्शन करने में मदद करेगी।
वहीं को-ड्राइवर मूसा शरीफ ने कहा कि सफारी रैली के रास्ते बेहद कठिन होते हैं और हर पास के बाद ट्रैक की स्थिति बदल सकती है। ऐसे में पेस नोट्स का सटीक होना बहुत जरूरी है। उन्होंने बताया कि भारी बारिश की संभावना भी रैली को और कठिन बना सकती है।
यह रैली केन्या के लेक नाइवाशा क्षेत्र के आसपास आयोजित होती है, जिसमें कुल 20 स्पेशल स्टेज शामिल होते हैं। पूरी रैली की दूरी 1,205.46 किलोमीटर है, जिसमें 338.34 किलोमीटर का बेहद चुनौतीपूर्ण स्पेशल स्टेज शामिल है।
गौरतलब है कि WRC सफारी रैली केन्या 2026 इस सीजन का तीसरा राउंड है और इसे वैश्विक मोटरस्पोर्ट कैलेंडर के सबसे कठिन और प्रतिष्ठित इवेंट्स में गिना जाता है। भारतीय जोड़ी से इस बार भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।









